हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा के थाना महावन की पुलिस ने घरों में चोरी कर सामान को ऑटो में लादकर ले जाने वाले दो शातिर चोरों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में एक बदमाश की टांग में गोली लगी है। पुलिस ने चोरों के कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है। महावन थाना प्रभारी निरीक्षक डेजी पवार ने बताया कि 8-9 फरवरी की रात को न्यू गोकुल सिटी में एक घर में चोरी हुई थी। बंद मकान में चोरी करने के बाद चोर अपने साथ लाए ऑटो में सामान लादकर ले गए। चोरी की वारदात को गंभीरता से लेते हुए पुलिस चोरों की सुरागकशी में जुट गई। बृहस्पतिवार की रात को पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र में चोरी करने वाले घूम रहे हैं। सूचना पर वह अपनी टीम के साथ ग्राम मनोहरपुर के पास बरेली हाईवे अंडरपास के नजदीक पहुंच गई और चेकिंग शुरू कर दी। थोड़ी देर में एक ऑटो आता दिखाई दिया। पुलिस को देख चालक ने ऑटो भगा दिया। पीछा करने पर ऑटो सवार चोरों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्यवाही में एक बदमाश की टांग में गोली लग गई और वह घायल हो गया। साथी को घायल देख बदमाशों ने फायरिंग बंद कर दी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। तलाशी में बदमाशों के कब्जे से तमंचा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में घायल बदमाश ने अपना नाम सदर बाजार थाना क्षेत्र के दामोदरपुरा निवासी मनोज जोगी, शहर कोतवाली की धौलीप्याऊ निवासी श्याम बताया। मनोज जोगी ने बताया कि वह मूल रूप से अलीगढ़ के थाना पिसावा स्थित गांव बसेरा का रहने वाला है। दामोदरपुरा में किराए के मकान में रहता है। पुलिस ने इनके कब्जे से न्यू गोकुल सिटी स्थित घर से चोरी हुआ मोबाइल फोन, एलईडी टीवी, गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, नकदी व अन्य घटनाओं से संबंधित सामान बरामद किया। पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। एसपी देहात त्रिगुण बिसेन ने बताया कि मुठभेड़ में पकड़े गए बदमाश पहले क्षेत्र में बंद पड़े मकानों के बारे में जानकारी करते। रेकी के बाद जब उन्हें यकीन हो जाता कि मकान कई दिन से बंद है तो रात में उसका ताला तोड़कर चोरी कर लेते। चोरी का सामान ले जाने के लिए वह अपने साथ ऑटो लेकर आते हैं। चोरी का सामान इसी में लादकर ले जाते हैं और बाजार में सस्ते दामों में बेच देते हैं। दोनों बदमाशों के आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है
