हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ़ विजय सिंघल
मथुरा। गाजियाबाद में पुलिस चौकी में हुए धमाके के बाद जिले में पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया है। जिले की सीमाओं पर चौकसी बढ़ाने के साथ चेक पॉइंटों पर वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। साथ ही श्रीकृष्ण जन्मभूमि, वृंदावन, गोवर्धन और बरसाना समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। आला अधिकारी भी लगातार भ्रमण कर रहे हैं। बीते दिनों नगर निगम के मेयर कार्यालय को बस से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल आया था। इसमें आठ से 27 नवंबर तक बम धमाके करने की धमकी दी गई थी। इसके बाद से ही पुलिस और प्रशासन सतर्क हो गया। शनिवार को गाजियाबाद में पुलिस चौकी में धमाके की घटना के बाद सुरक्षा इंतजाम और कड़े कर दिए गए। पुलिस ने जिले की सीमाओं पर निगरानी बढ़ा दी है। हरियाणा व राजस्थान की सीमा के साथ-साथ अन्य जिलों से सटे चेक पॉइंटों पर आने-जाने वाले प्रत्येक वाहन की जांच की जा रही है। शहर के संवेदनशील इलाकों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है। पुलिस की टीमें अलग-अलग स्थानों पर संदिग्ध वस्तुओं और गतिविधियों की जांच करती नजर आईं। हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत कुछ स्थानों पर अलग दिखी। कहीं पुलिसकर्मी मुस्तैदी से ड्यूटी करते नजर आए तो कहीं निर्धारित स्थानों पर पुलिसकर्मी नदारद मिले। अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान सुरक्षा इंतजामों को परखा। उधर, नगर निगम कार्यालय में भी कर्मचारियों में हलचल दिखाई दी। श्लोक कुमार, एसएसपी ने कहा, संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है। भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात हैं। सुरक्षा एजेंसियों की भी मदद ली जा रही है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर कार्रवाई करने और स्थानीय स्तर पर खुफिया तंत्र को सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
7455095736
गाजियाबाद धमाके के बाद मथुरा में हाई अलर्ट: बाॅर्डर पर वाहनों की चेकिंग, धार्मिक स्थलों पर बढ़ाई सुरक्षा
