हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। हाईवे थाना क्षेत्र के गांव बाजना में तीन वर्ष से रहस्यमय ढंग से लापता 27 वर्षीय युवक की गुत्थी ने सनसनीखेज मोड़ ले लिया। युवक का नरकंकाल उसके ही स्वजन के मालिकाना हक वाले सूखे कुएं से बरामद हुआ है। कुएं से मिले कपड़ों के अवशेष, गले की कंठी और मोबाइल चार्जर के आधार पर स्वजन ने नरकंकाल की पहचान लाखन सिंह के रूप में की है। युवक के स्वजन ने दो लोगों पर गला दबाकर हत्या करने और शव कुएं में फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके दोनों आरोपितों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ करने में जुटी है। हाईवे थाना क्षेत्र के गांव बाजना निवासी 27 वर्षीय लाखन सिंह करीब तीन वर्ष पहले घर में हुए एक मामूली विवाद के बाद अचानक लापता हो गए थे। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लगा। स्वजन ने गुमशुदगी दर्ज कराने के साथ ही अपने स्तर पर भी तलाश जारी रखी, लेकिन तीन वर्ष तक लाखन का कोई पता नहीं चल सका।गांव में रहने वाले सोनू खान ने पारिवारिक कलह के चलते कथित तौर पर इस घटना का राजफाश किया। सोनू ने स्वजन को बताया कि उसके चाचा टीकम खान ने गला दबाकर लाखन की हत्या की थी। साक्ष्य छिपाने के लिए शव को स्वजन के ही सूखे कुएं में फेंक दिया था। सूचना मिलते ही स्वजन ने हाईवे थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस की मौजूदगी में सूखे कुएं की तलाशी ली गई तो वहां से मानव कंकाल बरामद हुआ। मौके से मिले कपड़ों के अवशेष, गले में मिली कंठी और मोबाइल चार्जर के आधार पर स्वजन ने कंकाल की पहचान लाखन के रूप में की।
