हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। इंटर कॉलेजों में बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के उद्देश्य से एक अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत शक्ति मंच का गठन किया जाएगा, जिसमें प्रत्येक माह विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से छात्राओं को जागरूक किया जाएगा। उनमें आत्म सम्मान एवं आत्म विश्वास उत्पन्न करने का प्रयास किया जाएगा। माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित इंटर कॉलेजों में बालिकाओं के लिए मिशन शक्ति अभियान संचालित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत प्रत्येक विद्यालय में शक्ति मंच गठित किए जाएंगे। शक्ति मंच की प्रत्येक माह नियमित बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें सृजनात्मक लेखन, वाद-विवाद, चित्रकला, नाटक, गीत एवं कहानी लेखन आदि का आयोजन होगा। इसके माध्यम से छात्राओं में आत्म विश्वास उत्पन्न किया जाएगा। मंच पर सामने आकर अपनी बात कहने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। शक्ति मंच द्वारा अपने आसपास की उन बालिकाओं की सूची तैयार की जाएगी। जिनका नामांकन स्कूल में नहीं हुआ है। उन कारणों की सूची बनाई जाएगी। जिनके चलते बालिकाएं विद्यालय नहीं आ रही हैं। उनका नामांकन कराने में मदद की जाएगी।
– बालिकाओं को विद्यालय में आ रही बाधाओं की चर्चा और उसके निवारण की योजना बनाई जाएगी।
– बाल एवं महिला अधिकारों पर चर्चा होगी। जिससे बालिकाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होंगी।
– बालिकाओं के शिक्षा के महत्व पर चर्चा होगी। ताकि वह शिक्षा के प्रति गंभीर होकर अपनी पढ़ाई कर सकें।
– छात्राओं के हितों के प्रतिकूल समाज में प्रचलित कुरीतियों तथा उनके निदान की रणनीतियां तैयार करने का प्रयास होगा।
– किशोरावस्था संबंधी समस्याएं, जिज्ञासाएं और उनका समाधान करने की कोशिश की जाएगी।
– आत्मरक्षा के उपायों पर भी चर्चा की जाएगी। साथ ही उनका अभ्यास भी कराया जाएगा।
– विद्यालय के लिए बाल अखबार तथा कॉमिक्स तैयार की जा सकती हैं।
– बच्चों की सुरक्षा के लिए गठित हेल्पलाइंस व इसके प्रयोग की जानकारी देना।
प्रत्येक प्रधानाचार्य को मिशन शक्ति अभियान के तहत शक्ति मंच का गठन करने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने के साथ ही उनमें सुरक्षा एवं स्वावलंबन की भावना उत्पन्न करना भी है।
7455095736