हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। मांट में एक झोलाछाप चिकित्सक ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा सील किए गए क्लीनिक की सील तोड़ने के बजाय पूरा किवाड़ ही उखाड़ फेंका और दरवाजे पर पर्दा लगाकर दोबारा मरीज देखने लगा। मामले की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया और टीम पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गई। गौरतलब है कि गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मांट के अधीक्षक डॉ. जीतेश तिवारी ने मुख्य बाजार स्थित निरंजन कुमार विश्वास के बंगाली क्लिनिक को बिना किसी वैध पंजीकरण के संचालित पाए जाने पर सील कर दिया था। पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए अवैध क्लिनिक को बंद कराया गया और थाना मांट में रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी। शुक्रवार को सीएचसी अधीक्षक को सूचना मिली कि झोलाछाप ने सील लगे दरवाजे का पूरा किवाड़ उखाड़कर फेंक दिया है और पर्दा लगाकर अंदर मरीजों का उपचार कर रहा है। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम पुलिस के साथ मौके पर पहुंची, जहां जांच में शिकायत सही पाई गई। इसके बाद भवन के मुख्य द्वार को सील करने की तैयारी शुरू की गई। इसी दौरान भवन स्वामी मौके पर पहुंच गए और बताया कि भवन के अंदर उनका निजी सामान रखा हुआ है। स्थिति को देखते हुए मुख्य द्वार पर ताला लगाकर उसकी चाबी इस शर्त के साथ भवन स्वामी को सौंप दी गई कि भविष्य में यदि झोलाछाप दोबारा वहां बैठकर मरीजों का उपचार करता मिला तो भवन स्वामी के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। सीएचसी अधीक्षक डॉ. जीतेश तिवारी ने बताया कि झोलाछाप की गतिविधियों पर स्वास्थ्य विभाग लगातार नजर रखे हुए है। यदि दोबारा अवैध रूप से क्लिनिक संचालित करने की पुष्टि हुई तो उसके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
7455095736
Author: Vijay Singhal
50% LikesVS
50% Dislikes
