• Mon. May 18th, 2026

लर्निंग लाइसेंस के लिए 1500 रुपये लाओ, टेस्ट-वेस्ट सब भूल जाओ

ByVijay Singhal

Feb 20, 2025
Spread the love
हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। एआरटीओ कार्यालय में बुधवार दोपहर दो बजे के करीब चहलकदमी कुछ कम नजर आ रही थी। कमरों में कुछ बाबू बैठे थे कुछ बाहर घूम रहे थे। कमरे से निकले एक बाबू से लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए कहा तो उसने कह दिया कि ऑनलाइन बनेगा। जब टेस्ट पास न कर पाने की मजबूरी बताई तो उसने इसका भी समाधान बता दिया। कहा बाहर बनी भोलू की दुकान पर चले जाओ वह सब करा देगा। वह आवेदन और टेस्ट के कुछ रुपये लेगा। उन्होंने अपना मोबाइल नंबर देते हुए कहा कि अगर कोई परेशानी हो तो फोन कर लेना। इसके बाद हम एआरटीओ कार्यालय के पास ही बनी भोलू की दुकान पर पहुंचे। भोलू से पूछा कि बिना ऑनलाइन टेस्ट दिलाए ही डीएल बनवा दोगे तो उसने साफ कह दिया कि 1500 रुपये और आधार दे जाओ और टेस्ट-वेस्ट सब भूल जाओ। जब पूछा कि क्या ऑनलाइन टेस्ट के लिए सामने बैठना होगा, तो जवाब मिला कि जब अंदर (एआरटीओ कार्यालय) पैसा पहुंचेगा तो बैठने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। लर्निंग लाइसेंस के आवेदन की फीस के बारे में पूछने पर बताया कि फीस तो 375 रुपये है, लेकिन बाकी पैसे अंदर जाएंगे। कुछ रुपये कम करने के आग्रह पर कहा 1300 रुपये से एक पैसा कम नहीं होगा। कागज क्या देने होंगे के सवाल पर केवल आधार की फोटो मांगी गई। मोबाइल नंबर मांगने पर भोलू ने एक विजिटिंग कार्ड थमा दिया, जिसमें भोलू परिवहन सलाहकार लिखा था। साथ ही ये भी लिखा था कि गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन, बीमा, फिटनेस, लाइसेंस, परमिट आदि का कार्य संतोषजनक किया जाता है। पते पर जब नजर पड़ी तो साफ लिखा था एआरटीओ ऑफिस मथुरा। पास ही स्थित दूसरी दुकान पर पहुंचे तो यहां भी वही कहानी दोहराई गई। बिना टेस्ट के लर्निंग डीएल बनवाने के सवाल पर धड़ल्ले से जवाब दिया कि 1500 रुपये दे जाओ सब करा देंगे। टेस्ट को सवाल को फिर से दोहराने पर कहा कि रुपये से सब काम हो जाता है। ये उदाहरण एआरटीओ कार्यालय में फैले भ्रष्टाचार की बानगी मात्र है, अगर जांच हो तो सब परतें खुल जाएंगी।
7455095736
Vijay Singhal
Author: Vijay Singhal

100% LikesVS
0% Dislikes

Leave a Reply

Your email address will not be published.