• Fri. Jul 3rd, 2026

छात्रों को लेने जा रही बस ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी, चालक की मौत

ByVijay Singhal

Jul 8, 2023
Spread the love
हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। आगरा-दिल्ली राजमार्ग पर नवादा के पास अचानक सामने आई ट्रैक्टर-ट्रॉली में एक निजी कॉलेज की बस पीछे से जा घुसी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली बस में फंस गए। बमुश्किल पुलिस ने लोगों की मदद से वाहनों को अलग किया। घायल बस चालक को स्वर्ण जयंती अस्पताल ले गए। वहां डाॅक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। गनीमत रही कि हादसा उस समय हुआ जब चालक छात्रों को लेने के लिए बस लेकर जा रहा था। दिल्ली की ओर तेज गति से एक निजी कॉलेज की बस छात्र-छात्राओं को लेने के लिए जा रही थी। नवादा चौराहा पर अचानक एक ट्रैक्ट्रर-ट्रॉली सामने आ गई और बस पीछे से उसमें घुस गई। हादसे के दौरान हुई तेज आवाज से राहगीरों का ध्यान उस ओर गया तो वह दौड़कर घटना स्थल की ओर पहुंचे। हाईवे पर हादसा देख गुजर रहे वाहनों के पहिए थम गए। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने पुलिस की सहायता से मशक्कत कर चालक को बस से बाहर निकाला। एंबुलेंस की मदद से उसे समीप ही स्वर्ण जयंती अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने बस चालक 29 वर्षीय हाकिम गौतम पुत्र मोहन गौतम निवासी जैत मथुरा को मृत घोषित कर दिया। थाना हाईवे के प्रभारी निरीक्षक उमेश त्रिपाठी ने बताया कि बस खाली थी, दोनों वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू करवा दिया है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजन के सुपुर्द कर दिया है, अभी तक मामले में तहरीर नहीं मिली है। इधर देर रात पोस्टमार्टम के बाद शव गांव जैंत पहुंचा। आक्रोशित ग्रामीणों ने गांव के बाहर सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना पर थाना जैंत पुलिस और सीओ सदर प्रवीण मलिक पहुंच गए। सीओ ने कॉलेज प्रबंधन से चालक के परिजन की बात कराई और उचित मदद का आश्वासन दिया, इसके बाद परिजन और ग्रामीण माने और जाम खोला।
Vijay Singhal
Author: Vijay Singhal

50% LikesVS
50% Dislikes

Leave a Reply

Your email address will not be published.