हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। कोसीकलां के नवीपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित पेलिकन टोबैको इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर से चार लाख रुपये की रंगदारी मांगने और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। कंपनी के डायरेक्टर अनिल पांडेय, निवासी जनपद भदोही (उत्तर प्रदेश), ने बताया कि नौ जुलाई की रात वह कंपनी परिसर में मौजूद थे। इसी दौरान सोनू अडाना, निवासी गांव लाडपुर (छाता), हाल निवासी पलवल, अपने 5-6 साथियों के साथ कंपनी परिसर में पहुंचा। आरोपियों ने इलाके में कंपनी संचालित करने के एवज में चार लाख रुपये की रंगदारी की मांग की। जब डायरेक्टर ने रुपये देने से इनकार कर दिया तो आरोपियों ने तमंचा एवं अन्य हथियार निकालकर उन्हें डराना-धमकाना शुरू कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने कहा कि यदि तय समय के भीतर चार लाख रुपये नहीं दिए गए तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद कंपनी प्रबंधन और कर्मचारियों में भय का माहौल व्याप्त हो गया। पुलिस ने नामजद आरोपी सोनू अडाना तथा उसके 5-6 अज्ञात साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
7455095736
Author: Vijay Singhal
50% LikesVS
50% Dislikes
