हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। वृंदावन की बदहाल यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए अब प्रशासन सख्त कदम उठाने जा रहा है। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र और आला अधिकारियों की मौजूदगी में हुई बैठक में यातायात को सुदृढ़ करने का खाका खींचा गया। व्यवस्था में सुधार के लिए चार विशेष टीमों का गठन किया जाएगा, जिसमें पुलिस, नगर निगम, परिवहन विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्थानीय समाजसेवियों को भी शामिल किया जाएगा। एडीजी सुवेंद्र कुमार भगत ने निर्देश दिए कि इन टीमों के कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा की जाएगी। अभियानों की फोटो युक्त रिपोर्ट ली जाएगी और इस कार्य को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाएगा। मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने कुछ व्यस्त क्षेत्रों को रेहड़ी, पटरी और ठेलों से मुक्त कर उन्हें निर्धारित वेंडिंग जोन में शिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं। डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय ने अवैध और अनाधिकृत ई-रिक्शों पर सख्त कार्रवाई की बात कही। उन्होंने एआरटीओ (प्रवर्तन) राजेश राजपूत को निर्देश दिए कि जिन ई-रिक्शा चालकों का 5 बार चालान हो चुका है उन्हें नोटिस दिया जाए और उससे अधिक चालान होने पर उनका पंजीकरण निरस्त करने की कार्रवाई की जाए। डीएम सीपी सिंह ने यातायात व्यवस्था में सुधार और इन चारों टीमों के कुशल निर्देशन की जिम्मेदारी अपर नगर मजिस्ट्रेट (वृंदावन) राजकुमार चौधरी और क्षेत्राधिकारी सदर पीतम पाल सिंह को सौंपी है। बैठक के बाद सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं छटीकरा मार्ग, प्रेम मंदिर के सामने, रमणरेती मार्ग और ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। बैठक में एसएसपी श्लोक कुमार, सीडीओ पूजा गुप्ता, एडीएम प्रशासन अमरेश कुमार, सीएमओ डॉ. राधावल्लभ, एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह, एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत, नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा आदि मौजूद रहे।
7455095736
Author: Vijay Singhal
50% LikesVS
50% Dislikes
