हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। महावन और बलदेव क्षेत्र में दो छात्राओं के अपहरण के प्रयास, छेड़छाड़ और लूट के मामलों के आरोपित ओमप्रकाश उर्फ भूरा को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के दोनों पैरों में गोली लगी है और उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुक्रवार रात थाना बलदेव पुलिस, थाना महावन पुलिस और स्वाट टीम यमुना एक्सप्रेसवे स्थित हथौड़ा अंडरपास के पास चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर आता आरोपित पुलिस को देखकर भागने लगा। रोकने का प्रयास करने पर उसने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपित के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान ओमप्रकाश उर्फ भूरा निवासी जुल्हैंदी थाना गोवर्धन वर्तमान पता नगला साखीं द्वारिकाधाम कालोनी थाना गोवर्धन के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक तमंचा, दो कारतूस और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है। आरोपित महावन और बलदेव क्षेत्र में छात्राओं के अपहरण के प्रयास और छेड़छाड़ के मामलों में फरार था। उसके खिलाफ महिला संबंधी अपराध, अपहरण, लूट, मारपीट, पुलिस मुठभेड़ समेत कई गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
