हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। गोवर्धन में बाईपास बनने से ब्रज के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और आए दिन लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए फरह से गोवर्धन तक 47 किलोमीटर लंबा फोरलेन बाईपास बनाने की योजना तैयार की गई है। भविष्य में इस मार्ग को बरसाना तक बढ़ाने की भी योजना है। करीब एक हजार करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना का प्रस्ताव ब्रज तीर्थ विकास परिषद के माध्यम से शासन को मंजूरी के लिए भेजा गया है। इसमें सड़क निर्माण के साथ भूमि अधिग्रहण और पर्यावरण क्षतिपूर्ति का खर्च भी शामिल है। शासन से स्वीकृति और बजट मिलने के बाद निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी। कई बार 10 से 20 किलोमीटर की दूरी तय करने में तीन से चार घंटे तक लग जाते हैं। इससे श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय लोगों को भी परेशानी होती है और जिला प्रशासन के सामने भीड़ नियंत्रण की चुनौती खड़ी हो जाती है। बाईपास बनने से आगरा की ओर से गोवर्धन जाने वाले वाहनों को मथुरा शहर में प्रवेश नहीं करना पड़ेगा। वे फरह से सीधे गोवर्धन पहुंच सकेंगे। इससे शहर के यातायात का दबाव कम होने और श्रद्धालुओं को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। भविष्य में मार्ग को बरसाना तक बढ़ाए जाने से ब्रज के प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच आवागमन और सुगम हो सकेगा। धार्मिक स्थलों को आने-जाने वाले श्रद्धालुओंको राहत मिलेगी।
