हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। फर्जी सीबीआई अधिकारी बनकर लोगों को धमकाने और चौथ वसूली करने वाले गिरोह के छह सदस्यों को जमुनापार पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आनंद विहार कॉलोनी निवासी देवेंद्र कुमार ने 9 अक्तूबर को थाना जमुनापार में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर उसके साथ गाली-गलौज की और गंभीर मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी। इसके बाद डराकर उससे 40 हजार रुपये की चौथ वसूल ली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और रंगदारी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। शनिवार को पुलिस ने सिहोरा-लोहवन चौराहा रोड से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान सूरज कुमार, कुलदीप यादव, करन राणा, सोनू, कुणाल और रवि के रूप में हुई है। आरोपी बिहार, गाजियाबाद, गुरुग्राम, दिल्ली और मथुरा के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से क्राइम ब्यूरो इन्वेस्टिगेशन के दो फर्जी आईकार्ड, केडी यादव के नाम से बने 11 विजिटिंग कार्ड, तीन एटीएम कार्ड और एक पैन कार्ड बरामद किया है। इसके अलावा क्राइम इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो का स्टीकर लगी बलेनो कार और एक वैगनआर भी जब्त की गई है। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
7455095736
फर्जी सीबीआई अधिकारी ने झूठे मुकदमे में युवक को जेल भेजने की दी धमकी
