हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। गोवर्धन में राजकीय गुरु पूर्णिमा (मुड़िया पूर्णिमा) मेला में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम और परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने कंट्रोल रूम से भीड़ की स्थिति पर नजर डालने के साथ धरातल पर स्वास्थ्य, सुरक्षा, यातायात, पेयजल, साफ-सफाई, भंडारों, पार्किंग और प्रकाश व्यवस्था का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी सीपी सिंह ने सबसे पहले सीसीटीवी कंट्रोल रूम पहुंचकर मेला क्षेत्र और परिक्रमा मार्ग पर लगे कैमरों के माध्यम से श्रद्धालुओं, दर्शनार्थियों, पर्यटकों और परिक्रमार्थियों की आवाजाही का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में भीड़ की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लगातार निगरानी बनाए रखने और किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी ने पैदल परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य शिविरों, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, साफ-सफाई, पेयजल, भंडारों, पार्किंग स्थलों तथा प्रकाश व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं लगातार प्रभावी रूप से संचालित होती रहें।
