हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। वृंदावन में गुरु पूर्णिमा पर धर्मनगरी भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगी नजर आएगी। गुरु पूर्णिमा पर श्रीबांकेबिहारी मंदिर और प्राचीन श्रीहरिदासपीठ में स्वामी हरिदास के अनुज एवं बांकेबिहारी मंदिर के सेवायत गोस्वामी समाज के कुलपुरुष गोस्वामी जगन्नाथ महाराज का 508वां जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान मंदिर परिसर में स्वामी हरिदास और गोस्वामी जगन्नाथ महाराज के चित्रपटों का पूजन-अर्चन, भोग अर्पण और विशेष धार्मिक अनुष्ठान होंगे। श्रीबांकेबिहारी मंदिर के सेवायत एवं इतिहासकार आचार्य प्रहलाद बल्लभ गोस्वामी ने बताया कि गोस्वामी जगन्नाथ महाराज का जन्म वर्ष 1518 ईस्वी में तत्कालीन हरीगढ़ (वर्तमान अलीगढ़) के हरिदासपुर गांव में हुआ था। उनके पिता का नाम आशुधीर सारस्वत और माता का नाम गंगादेवी था। वे स्वामी हरिदास के मझले भ्राता थे। भीड़ को ध्यान में रखकर स्थानीय पुलिस ने व्यवस्था दुरुस्त कर दी है। प्रमुख मंदिरों और आश्रमों के बाहर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। यातायात सुचारु रहे इसके लिए यातायात पुलिस ने पूरी योजना तैयार की है। रुट के हिसाब से ई रिक्शाओं का संचालन कराया जाएगा। बाहरी गाड़ियों को शहर के अंदर नहीं आने दिया जाएगा।
