हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ़ विजय सिंघल
मथुरा। कान्हा की नगरी में भाजपा की तैयार की गई चुनावी योजनाओं में युवा और पुराने साथियों पर भी जोर रहा। चुनावी समर में युवा योद्धा उतारे जाएंगे तो पुराने महारथियों को भी मौका दिया जाना तय होगा। जेन-जी को विश्वास में लेने के लिए पार्टी जमकर पसीना बहाएगी। पिछली बैठकों में लंबे समय से संगठन के लिए काम करने वाले चेहरों की उपेक्षा का मुद्दा भी उठा है। इससे आगे निकलने के लिए पार्टी ने रणनीति बनाई है। नियमित संवाद और बैठकों के जरिए सक्रिय भूमिका सौंपा जाना तय हुआ है। पिछले विधानसभा चुनाव में हारी हुई सीटों पर जीत का गणित तैयार किया जाएगा। बैठक में हुई गहन चर्चा के बाद बड़ी संख्या में विधायकों की विदाई तय मानी जा रही है। 2027 के विधानसभा चुनाव में जाने से पहले समग्र रणनीति बनाने के लिए आयोजित योजना बैठक में युवाओं पर खास फोकस रहा। पिछले महीनों देश में जेन-जी आंदोलन और सरकार के प्रति नाराजगी को लेकर चिंतन किया गया। इनकी नाराजगी दूर करने के लिए चलाए गए अभियानों में अब और तेजी आएगी। इसके साथ ही नई पीढ़ी को पार्टी से जोड़ने और संगठन में उनकी भागीदारी बढ़ाने पर गंभीर मंथन हुआ। विधानसभा चुनाव के टिकट वितरण में युवाओं को प्राथमिकता देने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। योजना बैठक के अंतिम दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मौजूदगी में पुराने कार्यकर्ताओं को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय हुआ। साफ संदेश दिया गया कि पार्टी के लिए समर्पित भाव से काम करने वाले पुराने कार्यकर्ताओं को सम्मान के साथ सक्रिय करना है। इसके साथ ही पूर्व विधायकों और पूर्व सांसदों को सक्रिय करने की जिम्मेदारी वरिष्ठ पदाधिकारियों को सौंपी गई है। उन्हें पार्टी की गतिविधियों और रायशुमारी में भी शामिल किया जाएगा। पार्टी को जो परंपरागत मतदाता (की-वोटर्स) हैं। उनमें जो अपने क्षेत्रों में अधिक प्रभाव रखते हैं, उन्हें भी अधिक से अधिक जोड़ा जाएगा। उनके साथ नियमित बैठकें की जाएंगी।
