हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा के वृंदावन में ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में दर्शन करने आई मेरठ की महिला श्रद्धालु ने मंदिर के दो सुरक्षाकर्मियों पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत पर इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एक सुरक्षाकर्मी को हिरासत में भी लिया है। दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
मेरठ के मवाना क्षेत्र स्थित प्रीतनगर निवासी शिवानी शर्मा पुत्री कृष्ण कुमार शर्मा बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंची थीं। उनका आरोप है कि मंदिर में प्रवेश के दौरान दो सुरक्षाकर्मियों से कहासुनी हो गई। इस पर उन्होंने वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से शिकायत की। पुलिसकर्मियों ने सुरक्षाकर्मियों को फटकार लगाई और उन्हें दर्शन के लिए मंदिर के अंदर भेज दिया। महिला का आरोप है कि दर्शन करने के बाद वह मंदिर से करीब 200 से 300 मीटर दूर चाय-नाश्ता कर राधावल्लभ मंदिर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान दोनों सुरक्षाकर्मी ड्यूटी के दौरान पहने गए पीले कपड़े बदलकर सामान्य वेशभूषा में वहां पहुंचे और उन्हें घेर लिया। आरोप है कि दोनों ने पुलिसकर्मियों से शिकायत करने को लेकर गाली-गलौज की। विरोध करने पर एक सुरक्षाकर्मी ने उनके चेहरे पर थप्पड़ मार दिया, जबकि दूसरे ने उनकी नाक पर मुक्का मारा। जिससे उनके मुंह और नाक से खून निकलने लगा। पीड़िता ने आरोप लगाया कि सुरक्षाकर्मियों ने दोबारा पुलिस से शिकायत करने पर उन्हें वृंदावन से उठवा देने की धमकी भी दी। आसपास के लोगों ने जब उसका विरोध किया तो वह दोनों मौके से भाग फरार हो गए। महिला ने पुलिस को बताया कि वह आरोपियों के नाम नहीं जानतीं, लेकिन सामने आने पर उनकी पहचान कर सकती हैं। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद एक आरोपी सुरक्षाकर्मी को हिरासत में ले लिया है। श्रीबांकेबिहारी हाईपावर्ड कमेटी के सचिव सीपी सिंह का कहना है कि जो भी दोषी हैं, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्हें मंदिर से ड्यूटी से हटाया जाएगा।
7455095736
Author: Vijay Singhal
50% LikesVS
50% Dislikes
