हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा में मुड़िया मेला में ड्यूटी पर आए सिकंदराबाद डिपो के चालक का बस में शव मिलने से सनसनी फैल गई। साथी चालक-परिचालक ने इसकी जानकारी अधिकारियों को दी। परिवहन निगम के अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंच गए। परिजन ने सिकंदराबाद डिपो के एआरएम पर बीमार होने के बाद भी चालक को मेला ड्यूटी में भेजने का आरोप लगाया है। सीओ सिटी भूषण वर्मा ने बताया कि मंगलवार की सुबह सूचना मिली कि रोडवेज बस में चालक की मौत हो गई है। सूचना पर कोतवाली प्रभारी देवपाल सिंह पुंडीर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। यहां परिचालक कुलदीप ने बताया कि बुलंदशहर रीजन की सिकंदराबाद डिपो की बस को लेकर बुलंदशहर के थाना वीवी नगर स्थित खैरपुर निवासी चालक विनोद कुमार (55) रविवार को मथुरा आए। उन्होंने गोवर्धन-मथुरा के चार चक्कर लगाए। इसको लेकर उनकी थोड़ी तबीयत खराब हो गई। रात को साथी चालक, परिचालक के साथ खाना खाया और सभी सो गए। सुबह चालक और परिचालक तो शौच जाने के लिए उठ गए, लेकिन विनोद नहीं उठे। उनका मोबाइल भी बार-बार बज रहा था। मोबाइल फोन को भी वह नहीं उठा रहे थे। इस पर साथी चालक और परिचालक ने उन्हें उठाने का प्रयास किया, लेकिन वह उठे नहीं। उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस-प्रशासन के साथ निगम के अधिकारियों को दी। सूचना मिलने पर सीओ सिटी भूषण वर्मा, एआरएम मदन मोहन शर्मा और निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मृतक के परिजन को सूचना दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन का आरोप है कि मुड़िया मेला में जाने से पहले विनोद ने सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को बीमारी का हवाला देते हुए मेला ड्यूटी में न भेजने को प्रार्थना पत्र दिया था। आरोप है कि सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने उनकी एक न सुनी और उनके प्रार्थना पत्र को फाड़कर फेंक दिया और जबरन ड्यूटी पर भेजा। सिकंदराबाद डिपो के एआरएम दिनेश चंद से जब इस बारे में पूछा तो उन्होंने सभी आरोपों को निराधार बताया। अधिकारियों के साथ मीटिंग में होने का हवाला देते हुए फोन काट दिया।
7455095736
Author: Vijay Singhal
50% LikesVS
50% Dislikes
