• Thu. Jul 2nd, 2026

मथुरा में 70 स्कूली वाहनों के परमिट और 76 की फिटनेस समाप्त

ByVijay Singhal

Jul 2, 2026
Spread the love
हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। उत्तर प्रदेश शासन एवं परिवहन आयुक्त कार्यालय के निर्देश पर गुरुवार से जनपद में स्कूली बच्चों के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मिशन सेफ फ्यूचर अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत बिना फिटनेस, बिना परमिट और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले स्कूली वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एआरटीओ (प्रवर्तन) राजेश राजपूत ने जनपद के सभी स्कूल संचालकों एवं प्रबंधकों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि परिवहन विभाग के डेटाबेस और इंटीग्रेटेड स्कूल व्हीकल मैनेजमेंट पोर्टल की समीक्षा में सामने आया है कि जिले के 70 स्कूली वाहनों के परमिट तथा 76 स्कूली वाहनों की फिटनेस की अवधि समाप्त हो चुकी है। उन्होंने सभी स्कूल प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि 7 जुलाई तक स्कूली वाहनों के फिटनेस, परमिट, टैक्स, बीमा सहित अन्य आवश्यक प्रपत्र शत-प्रतिशत वैध करा लें। यदि निर्धारित अवधि तक दस्तावेज पूरे नहीं किए गए, तो 8 से 15 जुलाई के बीच चलाए जाने वाले सघन चेकिंग अभियान में ऐसे वाहनों का तत्काल चालान और सीज करने की कार्रवाई की जाएगी। एआरटीओ (प्रवर्तन) ने सख्त चेतावनी दी है कि नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के साथ ही विद्यालय की मान्यता निरस्त करने की संस्तुति भी शिक्षा विभाग को भेजी जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील करते हुए कहा है कि बच्चों को स्कूल भेजने से पहले केवल स्कूल प्रबंधन पर निर्भर न रहें, बल्कि स्वयं भी यह सुनिश्चित करें कि जिस वाहन से उनका बच्चा स्कूल जा रहा है, उसके पास वैध फिटनेस, परमिट और बीमा हो। वाहन के टायर, खिड़कियां, गेट के लॉक तथा ओवरलोडिंग की स्थिति की भी जांच करें। अनफिट या डग्गामार निजी वाहन में बच्चों को न भेजें। यदि कोई वाहन असुरक्षित प्रतीत हो तो इसकी सूचना तत्काल स्कूल प्रबंधन और परिवहन विभाग को दें।
7455095736
Vijay Singhal
Author: Vijay Singhal

50% LikesVS
50% Dislikes

Leave a Reply

Your email address will not be published.