हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ़ विजय सिंघल
मथुरा। वृंदावन में सात समंदर पार से आए भक्तों ने जिस वृंदावन की रज में कृष्ण भक्ति का आनंद पाया, अब उसी धरा पर वे वैदिक परंपरा के अनुसार अपने दांपत्य जीवन की शुरुआत भी करेंगे। भगवान श्रीराधाकृष्ण की लीलाभूमि में भक्तों के लिए विवाह के सात फेरों को आध्यात्मिक संस्कारों से जोड़ने की अनूठी पहल होने जा रही है। इस्काॅन वृंदावन अब केवल कृष्ण भक्ति और आध्यात्मिक साधना का केंद्र ही नहीं, बल्कि वैदिक विवाह का भी प्रमुख स्थल बनने की तैयारी में है। यहां मंत्रोच्चार, हवन, सप्तपदी और गोदान जैसी प्राचीन परंपराओं के बीच विवाह समारोह होंगे। पहला वैदिक विवाह 21 नवंबर को अमेरिका के एक जोड़े का होगा। इस्काॅन संस्थापक श्रील प्रभुपाद ने हरे कृष्ण आंदोलन के माध्यम से दुनियाभर में सनातन संस्कृति और वैदिक परंपराओं का प्रसार किया। उनकी इसी आध्यात्मिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए इस्कान वृंदावन ने वैदिक विवाह की शुरुआत की है। इसके लिए 19 अक्टूबर से पंजीकरण शुरू किए गए हैं। अब तक 16 युवक-युवतियों ने पंजीकरण कराया है, सात जोड़ों की बुकिंग हो चुकी है। इनमें विदेशी भक्तों की संख्या अधिक है। इस पहल के तहत विवाह योग्य युवक-युवतियों को जीवनसाथी तलाशने में भी मंदिर की टीम सहयोग करेगी। इस्काॅन के वैदिक विवाह विभाग के एचओडी अत्युतचंद्र दास ने बताया कि विवाह समारोह में सप्तपदी सहित वैदिक परंपराओं के अनुसार सोलह संस्कारों का महत्व समझाया जाएगा। विवाह समारोह में करीब चार घंटे का समय लगेगा। उन्होंने बताया कि विवाह से पहले दूल्हा-दुल्हन की विशेषज्ञों द्वारा काउंसलिंग कराई जाएगी। इसमें उन्हें विवाह के महत्व, दांपत्य जीवन की जिम्मेदारियों और एक-दूसरे के परिवार के प्रति कर्तव्यों की जानकारी दी जाएगी। उद्देश्य केवल विवाह कराना नहीं, बल्कि युवक-युवती को जिम्मेदार और संस्कारवान गृहस्थ जीवन के लिए तैयार करना है। धार्मिक मान्यता के अनुसार गोदान से पुण्य प्राप्त होता है और पितरों की तृप्ति होती है। इस्काॅन में वैदिक विवाह का शुरुआती पैकेज आठ लाख रुपये निर्धारित किया गया है। इसमें 80 से 100 मेहमानों के ठहरने, भोजन और आतिथ्य की व्यवस्था शामिल होगी। विवाह समारोह इस्कान गोशाला में आयोजित होगा। परिवारों की मांग पर होटल विवांता में ठहरने की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके लिए आर्किटेक्ट, वेडिंग प्लानर और अन्य विशेषज्ञों की टीम बनाई गई है।
7455095736
इस्कॉन वृंदावन में होगी शादियां, विदेशियों से हो रही शुरुआत; विवाह के लिए ये हैं पैकेज
