हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। वृंदावन में पीपे जुड़ने के साथ ही यहां से करीब दो माह बाद मांट व वृंदावन के बीच आवागमन भी प्रारंभ हो गया। पीपों को ड्रेजिंग मशीन संचालक कंपनी ने पीडब्ल्यूडी के सहयोग से जुड़वाया है।यमुना में आरडीआइएल जेएमआरपी (जेवी) इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड ने पहले देवराहा बाबा घाट एवं फिर केसी घाट के पैंटून पुल को हटाकर वहां से ड्रेजिंग मशीन को निकालने का कार्य किया था। वहीं मशीन निकालकर दोनों पुलों को जोड़ दिया था। बाद में मशीन को वापस ले जाने के लिए भी इसी कंपनी ने केसी घाट के पैंटून पुल को हटाया था। तब यमुना में इसके अनियंत्रित बहते पीपों से टकराकर एक मोटरबोट पलट गई थी। इसमें 16 लोगों की मृत्यु हुई थी। इसके लिए प्रशासन ने पैंटून पुल के पीडब्ल्यूडी ठेकेदार नारायण शर्मा एवं मोटरबोट के नाविक को जेल भेज दिया था। तभी से पैंटून पुल टूटा हुआ पड़ा था। इससे मांट एवं वृंदावन के बीच यातायात पूरी तरह बंद था। लोगों को करीब 15 किमी अतिरिक्त घूमकर आना जाना पड़ रहा था।विगत दिनों कलक्ट्रेट पर हुई दिशा की बैठक में भी डीएम सीपी सिंह ने सांसद हेमा मालिनी के सामने पुल नहीं जोड़े जाने का मुद्दा उठाया था। इसके बाद उन्होंने पीडब्ल्यूडी एक्सईएन गुलवीर सिंह को पुल जोड़ने के निर्देश दिए थे। चूंकि पीडब्ल्यूडी के पास अतिरिक्त मद नहीं था और पुल का ठेकेदार भी जेल चला गया था। इस पर जेवी इंफ्रा के कर्मचारियों ने पीडब्ल्यूडी के निर्देशन में पुल का फिर से निर्माण कराया है।
