हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला अभी थमा भी नहीं था कि अब मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मस्थान को लेकर सरगर्मी बढ़ गई है। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महांत रविंद्र पुरी ने अब श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर कारसेवा करने की घोषणा हरिद्वार में की है। रविंद्र पुरी नौ अगस्त को कारसेवा के लिए साधु-संतों से मथुरा पहुंचने का आह्वान किया है। इस घोषणा के बाद साधु-संतों के बीच माहौल गर्म हो गया है। श्रीकृष्ण जन्मस्थान को शाही मस्जिद ईदगाह से मुक्त कराने के लिए साधु-संतों के बीच अक्सर मांग उठती रही है। अब अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महांत रवींद्र पुरी ने एक टीवी चैनल को दिए बयान में कहा कि सभी संतों ने तय किया है कि हम मथुरा जाएंगे और वहां मंदिर बनाकर रहेंगे। रविंद्र पुरी ने हरिद्वार में कहा है कि देश भर से साधुु-संत नौ अगस्त को कारसेवा के लिए मथुरा पहुंचेंगे। अखाड़ा परिषद से लाखों की संख्या में साधु-संत जुड़े हैं। ऐसे में परिषद के अध्यक्ष का बयान काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस परिषद में करीब 13 अखाड़े जुड़े हैं। उधर, रविंद्र पुरी के बयान के बाद गोवर्धन के जुल्हैंदी स्थित श्रीचित्रगुप्त पीठ के पीठाधीश्वर डा. स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने कहा कि देश भर के साधु-संत इस कारसेवा में शामिल होंगे। वह भी पूरे देशभर के साधु-संतों से इसके लिए संपर्क करेंगे। उन्होंने कहा कि जन्मभूमि भगवान श्रीकृष्ण की है, यह उन्हें मिलना चाहिए। हालांकि कारसेवा की रूपरेखा क्या होगी, यह अभी उन्होंने स्पष्ट नहीं किया है।
