हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। जिला पूर्ति विभाग की टीम ने गोकुल बैराज रोड स्थित लक्ष्मी गार्डन के पास एक निजी गोदाम पर छापेमारी कर बड़े पैमाने पर सरकारी राशन की कालाबाजारी का भंडाफोड़ किया है। मौके से 164 बोरी सरकारी चावल और एक इलेक्ट्रानिक कांटा बरामद किया गया है। पकड़ा गया चावल जब्त कर विभाग ने आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की है। पूर्ति निरीक्षक रविकांत और मनोज तिवारी की संयुक्त टीम ने सोमवार शाम को कार्रवाई की। गोदाम बंद मिलने पर आसपास के लोगों से पूछताछ कर मालिक को बुलाया गया। कुछ देर बाद राजकुमार सिंह नामक युवक चाबी लेकर पहुंचा और गोदाम खोला। जांच के दौरान गोदाम में हाथ से सिली हुई प्लास्टिक की बोरियों में भरा लगभग 40 से 50 किलो प्रति बोरी चावल पाया गया। चावल राशन की दुकानों से लाभार्थियों को बांटे जाने वाला था, जिसको कालाबाजारी के लिए यहां पर रखा गया था। इस मामले में फरह ब्लाक के गांव झुड़ावई निवासी कपिल गोयल और उनके भाई लक्ष्मण गोयल को दोषी पाया गया है। इन्होंने चावल यहां कालाबाजारी के लिए एकत्र किया था। जिला पूर्ति अधिकारी संजीव कुमार सिंह ने बताया कि पूर्ति विभाग ने बरामद चावल और कांटे को उचित दर विक्रेताओं की सिपुर्दगी में दे दिया है। डीएम के अनुमोदन के बाद पूर्ति निरीक्षक मनोज कुमार तिवारी ने थाना सदर बाजार में आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआइआर दर्ज कराई है।
