वहीं, छाता तहसील की कोसी नगर पालिका,बरसाना,नंदगांव और चौमुंहा नगर पंचायत में अध्यक्ष और सभासद पद के लिए हुए मतदान के बाद बैलेट बॉक्स सरस्वती विद्या मंदिर सेकेंडरी स्कूल में, मांट तहसील के ब्रज आदर्श इंटर कॉलेज में स्ट्रॉन्ग रूम बनाया गया है। यहां बाजना और राया नगर पंचायत के बैलेट बॉक्स रखे गए हैं। इसी तरह महावन तहसील के ऋषिकुल इंटरनेशनल स्कूल प्रेम नगर में बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम में महावन,बल्देव और गोकुल नगर पंचायत के बैलेट बॉक्स रखे गए हैं। स्ट्रॉन्ग रूम में रखे गए ईवीएम और बैलेट बॉक्स की सुरक्षा में उत्तर प्रदेश पुलिस के हथियार बंद जवान लगाए गए हैं। स्ट्रॉन्ग रूम पर 8 – 8 घंटे की शिफ्ट में पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक शिफ्ट में 12 से ज्यादा पुलिस कर्मी ड्यूटी करेंगे। इसके अलावा पीआरवी वैन भी हर समय तैनात रहेगी। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्ट्रॉन्ग रूम में रखी गई ईवीएम और बैलेट बॉक्स पर सीसीटीवी कैमरों से भी नजर रखी जा रही है। डीएम पुलकित खरे और एसएसपी शैलेश पांडे भी नजर बनाए हुए हैं। वहीं चुनाव लडने वाले प्रत्याशी खुद और समर्थकों के जरिए स्ट्रॉन्ग रूम पर नजर रख रहे हैं।
