हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। वृंदावन के सुनरख-रामताल रोड क्षेत्र में कई अवैध कॉलोनियों का निर्माण चल रहा है। पिछले छह माह से अवैध कॉलोनियों की संख्या दोगुनी हो गई है लेकिन कई कॉलोनाइजरों ने कॉलोनी काटने के लिए मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण से अनुमति लेने की जरूरत महसूस नहीं की है। स्थानीय लोगों की शिकायत पर गुरुवार को मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की टीम ध्वस्तीकरण के लिए मौके पर पहुंची, लेकिन कॉलोनाइजर द्वारा स्वयं निर्माण तोड़ने की बात कहने पर विप्रा की टीम बैरंग लौट आई। वृंदावन के रामताल के समीप विकास प्राधिकरण की बिना नक्शा स्वीकृति कराए गणेश सिटी-2 के नाम से कॉलोनी का निर्माण कराया जा रहा है। कॉलोनाइजरों द्वारा एमवीडीए एप्रूव्ड कॉलोनी संबंधी जगह-जगह होर्डिंग लगाकर प्लॉट की बिक्री भी किए जा रहे हैं। पिछले माह प्राधिकरण के तत्कालीन अवर अभियंता अनिल सिंघल द्वारा इस कॉलोनी को अवैध बताते हुए नोटिस भी काटा गया था। इसके बाद भी प्राधिकरण द्वारा अवैध कॉलोनी का नक्शा ऑनलाइन पास किया जा रहा है। स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद गुरुवार को विप्रा के सचिव अरविंद कुमार द्विवेदी ने एनएच-19 से रामताल रोड पर कॉलोनाइजर केके चौधरी द्वारा गणेश सिटी-2 के नाम से बिना नक्शा स्वीकृति विकसित की जा रही कॉलोनी पर ध्वस्तीकरण कार्रवाई के आदेश दिए। सचिव के आदेश के बाद प्राधिकरण के अवर अभियंता दिनेश कुमार गुप्ता मौके पर पहुंचे। जहां कॉलोनी विकसित की जा रही थी। मौके पर पहुंचे प्राधिकरण के अधिकारियों से कॉलोनाइजर द्वारा स्वयं निर्माण ध्वस्त करने का आश्वसन दिया गया। आश्वसन के बाद प्राधिकरण की टीम वापस लौट गई। अवर अभियंता दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि कालोनाइजर द्वारा स्वयं अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की बात कही थी। अगर वह स्वयं ध्वस्तीकरण नहीं करता है तो प्राधिकरण कार्रवाई करेगा। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण द्वारा अवैध निर्माणों के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान जारी रहेगा। कई अन्य कॉलोनियों को भी चिह्नित किया गया है। इनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
7455095736
Author: Vijay Singhal
50% LikesVS
50% Dislikes
