हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। बरसाना में श्री लाडली जी महाराज मंदिर की सेवा पूजा परंपरा और मंदिर स्वरूप की कथित नकल कर दिल्ली में छोटा बरसाना बनाकर प्रचार करने के मामले में गोस्वामी समाज ने कड़ा विरोध जताया है। मामले को लेकर थाना बरसाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। गोस्वामी समाज और मंदिर से जुड़े लोगों का आरोप है कि दिल्ली के शाहदरा क्षेत्र में एक व्यक्ति ने श्री लाडली जी महाराज मंदिर बरसाना के श्री विग्रह जैसा स्वरूप तैयार कर मंदिर बनाया है। वहां छोटा बरसाना धाम के नाम से प्रचार प्रसार किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में बरसाना की सेवा पूजा परंपरा और धार्मिक स्वरूप जैसी छवि दिखाकर श्रद्धालुओं को आकर्षित करने का प्रयास किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि श्री लाडली जी महाराज मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं बल्कि सदियों पुरानी ब्रज सेवा परंपरा, आस्था और संस्कृति का केंद्र है। यहां की पूजा विधि, शृंगार सेवा और परंपराएं निर्धारित मर्यादाओं के अनुसार संचालित होती हैं। ऐसे में कथित नकल कर प्रचार करना करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत करने जैसा है। समाज के लोगों ने मामले में जांच कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। किशोरी श्याम गोस्वामी, सेवायत श्रीजी मंदिर ने कहा कि बरसाना की सेवा पूजा परंपरा विश्व प्रसिद्ध और सदियों पुरानी है। विसंभर गोस्वामी, श्रीजी मंदिर सेवायत ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो से श्रद्धालुओं में भ्रम की स्थिति बन रही है। प्रशासन से पूरे मामले में उचित कार्रवाई की मांग की गई है।
7455095736
Author: Vijay Singhal
50% LikesVS
50% Dislikes
