हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। वृंदावन में राजकीय बालगृह बालिका में रह रहीं बालिकाओं के पास मोबाइल होने की सूचना पर अधीक्षिका के आदेश पर महिला कर्मचारियों ने जब बालिकाओं के कमरों में तलाशी ली तो 11 मोबाइल बरामद हुए। इन मोबाइलों को अज्ञात व्यक्तियों ने षड्यंत्र के तहत बालिकाओं के पास पहुंचाया था।मोबाइल बरामद होने के बाद बालिकाओं ने सदन में जमकर हंगामा काटा और सरकारी संपत्ति को तहस-नहस कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत करवाया। सदन अधीक्षिका की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।कोतवाली में दर्ज करवाए मुकदमे में चैतन्य विहार फेस दो स्थित राजकीय बालगृह (बालिका) की अधीक्षिका प्रगति खरे ने कहा सदन में 128 बालिकाएं आवासित हैं।आवासित बालिकाओं के पास मोबाइल होने की संभावना पर उन्होंने एक जून की शाम सात बजे सदन के सभी कक्षों में सदन की महिला कर्मचारियों द्वारा चेकिंग करवाई गई तो 11 मोबाइल व चार चार्जर बरामद हुए। सभी मोबाइल अज्ञात व्यक्तियों ने बालिकाओं को आपराधिक षडयंत्र के तहत सदन तक पहुंचाए। ताकि बालिकाओं के माध्यम से साजिश रचकर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाएं। मोबाइल बरामद होने के बाद आवासीय बालिकाओं ने सदन में हंगामा काटना करते हुए सरकारी संपत्ति को तहस नतस करना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि जो मोबाइल बरामद हुए थे, वे कुछ दिन पहले नोएडा से शिफ्ट होकर आईं बालिकाओं के पास मिले थे। जिनकी शिकायत पहले से रह रहीं बालिकाओं ने इसलिए की थी कि उनके मोबाइल पहले ही कर्मचारियों ने बरामद कर लिए थे। सदन में हंगामे की सूचना पर कोतवाली प्रभारी संजय पांडे मय फोर्स के पहुंच गए और मामले काे शांत करवाया।
