हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। अयोध्या में श्रीराम मंदिर के चढ़ावे में हुए गबन के बाद श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर चढ़ावे में गबन के मामले में दिनेश फलाहारी महाराज के आरोपों को निराधार बताते हुए श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान कटरा केशवदेव के उप प्रबंधक ने उनके खिलाफ थाने में तहरीर दी है। साथ ही फर्जी ट्रस्ट बनाकर श्रद्धालुओं से दान वसूलने और 20 लाख की चौथ मांगने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। उपप्रबंधक अनुराग पाठक ने गोविंद नगर थाने में दी तहरीर में बताया कि गोवर्धन के महमदपुर निवासी दिनेश शर्मा उर्फ दिनेश फलाहारी पर पहले से ही धोखाधड़ी के कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोप है कि दिनेश शर्मा ने भक्तों और दानदाताओं को भ्रमित कर अवैध रूप से चंदा वसूलने के उद्देश्य से श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास नाम से एक ट्रस्ट का गठन किया। इस न्यास के माध्यम से वह लगातार मोटी धनराशि एकत्र कर उसका निजी स्वार्थों में प्रयोग कर रहे हैं। इस अवैधानिक कृत्य का विरोध किया तो दिनेश फलाहारी ने अपने गुर्गों के माध्यम से संस्थान के अधिकारियों को मारने की धमकी दी और 20 लाख रुपये की चौथ मांगी। संस्थान के पदाधिकारियों ने इसका विरोध किया तो वह मीडिया और सोशल मीडिया पर संस्थान के प्रबंधन तंत्र और कर्मचारियों के खिलाफ गबन, घोटाले और वित्तीय अनियमितताओं के झूठे व मनगढ़ंत आरोप लगाने शुरू कर दिए। वह फर्जी दस्तावेज के सहारे धर्मनिष्ठ जनता से छल-कपट कर रहे हैं। उपप्रबंधक ने एसएसपी श्लोक कुमार को तहरीर सौंपकर दिनेश फलाहारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि दिनेश फलाहारी का कहना कि दबाव बनाने के लिए प्राथमिकी दर्ज कराने का प्रयास किया जा रहा है। एसएसपी ने कहा कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। दिनेश फलाहारी महाराज ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर चढ़ावे की सीबीआई जांच कराने की मांग की थी। उन्होंने बीते मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को खून से पत्र लिखकर करोड़ों रुपये के घोटाले का आरोप लगाया था। कहा था कि जानबूझकर सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए जाते हैं, ताकि भक्तों द्वारा दिए गए दान को खुर्द-बुर्द किया जा सके। दावा किया कि कभी स्कूटर से आने वाले मंदिर के कर्मचारी आज आलीशान कोठियों और लग्जरी गाड़ियों के मालिक बन चुके हैं।
7455095736
Author: Vijay Singhal
50% LikesVS
50% Dislikes
