• Sat. May 16th, 2026

बरसाने में डेयरी पर बन रहा था मिलावटी पनीर 1100 किलो जब्त, खाद्य विभाग ने मारा छापा

ByVijay Singhal

Jul 3, 2025
Spread the love
हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। बरसाना में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बरसाना में छापेमारी करते हुए मिलावटी पनीर बनाने वाली भोला डेरी का भंडाफोड़ किया है। विभागीय टीम ने मौके से पनीर बनाने वाली 4200 लीटर सामग्री और 1100 किलो तैयार पनीर मिला है। टीम ने बिना लाइसेंस चल रही इस डेरी से छह नमूने लिए हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए डेरी संचालक को हिरासत में लिया है। गोवर्धन मुड़िया मेला में मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम में लगे सहायक आयुक्त खाद्य धीरेंद्र प्रताप सिंह और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्ञानपाल सिंह को दो दिन पहले सूचना मिली कि बरसाना में हाथिया-रूपनगर मार्ग स्थित भोला डेरी पर मिलावटी पनीर तैयार किया जा रहा है। इसके बाद अधिकारियों ने पहले गोपनीय तरीके से डेरी की रेकी कराई। सूचना सही पाए जाने पर बुधवार को विभागीय टीम ने डेरी पर छापा मारा। किसी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पुलिस को भी बुलवा लिया गया। सुरक्षा विभाग के अधिकारी जब डेरी के अंदर घुसे तो उस समय वहां पनीर बनाया जा रहा था। जब सहायक आयुक्त ने डेरी संचालक चरन सिंह से लाइसेंस मांगा तो वह नहीं दिखा सका। मौके से पनीर निर्माण में काम आने वाला 3800 लीटर स्किम्ड मिल्क, 60 लीटर मिश्रित दूध, पनीर बनाने का 40 लीटर घोल, 195 लीटर रिफाइंड पामोलीन, 80 किलो सोयाबीन पावडर, सात किलो चूने का घोल, 30 लीटर एसीटिक एसिड, 25 लीटर हाइड्रोजन पर आक्साइड और 1100 किलो तैयार पनीर जब्त किया गया। टीम ने वहां से छह नमूने लिए। इनमें पनीर के दो, रिफाइंड पामोलीन का एक, चूने के घोल का एक, पनीर बनाने के घोल का एक और मिश्रित दूध का एक नमूने लिए गए। इस मामले में खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेंद्र सिंह की तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने डेरी मालिक चरन सिंह निवासी यादव मुहल्ला, बरसाना देहात, बरसाना को हिरासत में लिया है। अगर बरसाना में मिलावटी पनीर बनाने वाली इस डेरी का भंडाफोड़ न हुआ होता तो इसी सप्ताह समीपवर्ती गोवर्धन में आयोजित होने जा रहे मुड़िया मेला में मिलावटी पनीर की बड़े पैमाने पर सप्लाई होती। मेले में गोवर्धन कस्बे की दुकानों पर हजारों किलो पनीर इसी डेरी से तैयार कराकर खपाया जाता। पूछताछ में चरन सिंह ने बताया कि वह पहले पनीर बनाने का काम करता था, लेकिन फिर छोड़ दिया। अब चार-पांच दिन पहले ही फिर से पनीर बनाने का काम शुरू किया है। माना जा रहा है कि गोवर्धन के मुड़िया मेला के चलते ही चरन सिंह ने अचानक इस काले कारोबार को शुरू किया है।
7455095736
Vijay Singhal
Author: Vijay Singhal

50% LikesVS
50% Dislikes

Leave a Reply

Your email address will not be published.