हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ़ विजय सिंघल
मथुरा।आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को प्रभावी एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी / जिला निर्वाचन अधिकारी श्री चंद्र प्रकाश सिंह जी की अध्यक्षता में जनपद के समस्त 35 जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची को अधिकाधिक शुद्ध, अद्यतन, त्रुटिरहित एवं समावेशी बनाने के साथ-साथ प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने जनपद के सभी 2263 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को पूरी सक्रियता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बीएलओ केवल बूथ पर बैठकर आवेदन प्राप्त करने तक सीमित न रहें, बल्कि अपने आवंटित मतदान क्षेत्रों में घर-घर जाकर संपर्क करें। प्रत्येक घर में पात्र मतदाताओं की स्थिति का सत्यापन करें और जिन युवाओं, महिलाओं एवं अन्य पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, उन्हें फॉर्म-6 भरने के लिए प्रेरित करें। आवेदन भरने में किसी नागरिक को परेशानी न हो, इसके लिए बीएलओ आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन भी प्रदान करें। उन्होंने समस्त 35 जोनल मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की नियमित निगरानी करें तथा बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा करें। प्रत्येक बूथ पर पात्र मतदाताओं के पंजीकरण की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया जाए। जहां मतदाता पंजीकरण की प्रगति अपेक्षाकृत कम हो, वहां विशेष प्रयास करते हुए अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय, सक्रियता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन की आधारशिला है। इसलिए पुनरीक्षण अभियान के दौरान नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के साथ-साथ मतदाता सूची में दर्ज नामों एवं अन्य विवरणों की भी गंभीरता से जांच की जाए। पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने, अपात्र प्रविष्टियों तथा त्रुटियों से संबंधित मामलों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी बीएलओ को पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
7455095736
Author: vijay.singhal1233
50% LikesVS
50% Dislikes
