हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ़ विजय सिंघल
मथुरा। बिना ठोस प्रमाण के मेडिक्लेम पॉलिसी से पत्नी का नाम हटाने पर स्थायी लोक अदालत, मथुरा ने स्टार हेल्थ एंड एलाइड इंश्योरेंस कंपनी को पॉलिसी में नाम दोबारा जोड़ने और परिवादी को एक हजार रुपये क्षतिपूर्ति देने का आदेश दिया है। अदालत के अध्यक्ष विमल प्रकाश शुक्ला, सदस्य प्रथम प्रतिभा शर्मा और सदस्य द्वितीय अंजू रानी की पीठ ने कंपनी के कृत्य को सेवा में कमी माना। चौक बाजार निवासी गौरव अग्रवाल ने अधिवक्ताओं के माध्यम से स्थायी लोक अदालत में वाद दायर किया था। वह वर्ष 2016 से कंपनी के नियमित मेडिक्लेम पॉलिसी धारक थे। फरवरी 2024 में उन्होंने 18,115 रुपये और अतिरिक्त 11,799 रुपये प्रीमियम जमा कर परिवार के लिए एक करोड़ रुपये की स्टार सुपर सरप्लस फ्लोटर इंश्योरेंस पॉलिसी ली थी। आरोप था कि नियमित प्रीमियम जमा करने के बावजूद कंपनी ने दो सितंबर 2024 को पत्र भेजकर पूर्व बीमारी छिपाने के आधार पर उनकी पत्नी श्वेता अग्रवाल का नाम पॉलिसी से हटा दिया। सुनवाई के दौरान अदालत ने पाया कि कंपनी ने श्वेता अग्रवाल के पूर्व उपचार के संबंध में कोई चिकित्सीय प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया। अदालत ने आदेश दिया कि परिवादी नवीनीकरण के लिए प्रार्थना पत्र और प्रीमियम जमा करता है तो कंपनी पॉलिसी में श्वेता अग्रवाल का नाम दोबारा जोड़े। साथ ही परिवादी को मानसिक कष्ट के लिए एक हजार रुपये अदा करे।
