हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। वृंदावन में एक विवाहिता ने अपने पति, सास और ससुर पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट तथा स्त्रीधन हड़पने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि विवाह के बाद से ही अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न किया जाता रहा और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। लखनऊ निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका विवाह हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार अमित अग्रवाल से हुआ था। विवाह के समय मायके पक्ष की ओर से सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान दिए गए थे, जिन्हें ससुराल पक्ष के पास अमानत के रूप में रखा गया था। महिला का आरोप है कि विवाह के बाद से पति अमित अग्रवाल, ससुर और सास द्वारा लगातार दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दी जाती रही। पीड़िता के अनुसार 26 सितंबर को वह अपने स्त्रीधन और आभूषण वापस लेने के लिए अपने बहनोई के साथ वृंदावन स्थित ससुराल पहुंची थी। आरोप है कि इस दौरान ससुराल पक्ष ने आभूषण लौटाने से इनकार कर दिया और उसके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की। महिला ने आरोप लगाया कि उसके कपड़े तक फाड़ दिए गए तथा जान से मारने की धमकी दी गई। बहनोई के हस्तक्षेप के बाद वह सुरक्षित वहां से निकल सकी। महिला ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर अपना स्त्रीधन वापस दिलाने और आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
7455095736
व्रन्दावन में दहेज उत्पीड़न व मारपीट में पति समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज
