हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ़ विजय सिंघल
मथुरा के महिला जिला अस्पताल में मौसम के बदलाव के साथ बच्चों में सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार की समस्या बढ़ने लगी है। ऐसे में जिला महिला चिकित्सालय में बच्चों का उपचार कराने पहुंचने वाले अभिभावकों की संख्या भी बढ़ रही है। लेकिन अस्पताल में तैनात बाल रोग विशेषज्ञ कई दिनों से ओपीडी में नहीं बैठ रहे हैं। इसके चलते बच्चों को अस्पताल में उपचार नहीं मिल पा रहा है और अभिभावकों को परेशान होकर निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है। गुरुवार को भी जिला महिला चिकित्सालय की ओपीडी में बच्चों का उपचार कराने पहुंचे अभिभावकों को बाल रोग विशेषज्ञ अपने कक्ष में नहीं मिले। डॉक्टर के बारे में अस्पताल के कर्मचारियों और स्टाफ से पूछताछ करने पर उन्हें बताया गया कि वह कई दिनों से अस्पताल नहीं आ रहे हैं। ऐसे में अभिभावकों को डॉक्टर के इंतजार में इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। गोसना निवासी संतोष ने बताया कि वह अपने बच्चे को दिखाने जिला महिला चिकित्सालय पहुंचे थे। बाल रोग विशेषज्ञ के कक्ष में डॉक्टर नहीं मिले। कर्मचारियों से पूछताछ करने पर पता चला कि डॉक्टर काफी समय से अस्पताल नहीं आ रहे हैं। ऐसे में उन्हें बच्चे का उपचार कराए बिना ही लौटना पड़ा। वहीं, पुष्पांजलि निवासी सीमा देवी ने बताया कि वह पिछले दो दिनों से अपने बच्चे को दिखाने के लिए जिला महिला चिकित्सालय के चक्कर लगा रही हैं। डॉक्टर के आने की उम्मीद में अस्पताल पहुंचती हैं, लेकिन उन्हें आज-कल कहकर टाल दिया जाता है। दो दिन बीतने के बाद भी बच्चे का उपचार नहीं हो सका। मजबूरी में उन्हें दूसरे अस्पताल में बच्चे को दिखाना पड़ रहा है।
