हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ़ विजय सिंघल
मथुरा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने अपने अधिसूचित क्षेत्र मांट तहसील में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। प्राधिकरण की टीम ने वृंदावन कट के आसपास चार गांवों में बुलडोजर चलाकर करीब 90 हजार वर्गमीटर जमीन को कब्जामुक्त कराया। कब्जामुक्त कराई गई जमीन की अनुमानित बाजार कीमत 27 करोड़ रुपये बताई गई है। यहां बिना ले-आउट स्वीकृत कराए अवैध रूप से कॉलोनियां विकसित की जा रही थीं। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के एसडीएम शिव अवतार, हरिप्रताप सिंह और कृष्ण गोपाल त्रिपाठी के नेतृत्व में बुधवार को भारी पुलिस बल के साथ ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया। प्राधिकरण की टीम ने मांट तहसील के पिपरौली बांगर, चूड़ा हंसी, गुद्दर और सौर गांवों में अवैध व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार, अधिसूचित क्षेत्र में कुछ कॉलोनाइजरों ने बिना ले-आउट स्वीकृत कराए जमीन पर कब्जा कर कॉलोनियां विकसित करनी शुरू कर दी थीं। मौके पर कच्ची सड़कें, बाउंड्रीवॉल, प्लॉटों का चिह्नांकन और साइट ऑफिस बना लिए गए थे। किसानों से कम कीमत पर जमीन खरीदकर उसे ऊंचे दामों पर बेचने का खेल चल रहा था। शिकायत मिलने पर प्राधिकरण ने पहले जमीन की पैमाइश कराई और संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए, लेकिन इसके बावजूद अवैध गतिविधियां बंद नहीं हुईं। इसके बाद प्राधिकरण के सीईओ के निर्देश पर ध्वस्तीकरण टीम गठित की गई। बुधवार को पुलिस और राजस्व विभाग की टीम के साथ प्रवर्तन दल बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंचा। सबसे पहले पिपरौली बांगर में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई की गई। यहां बनी सड़क, बाउंड्रीवॉल और प्लॉटों के निशान ध्वस्त कर दिए गए। इसके बाद चूड़ा हंसी, गुद्दर और सौर गांवों में भी कार्रवाई की गई। चारों गांवों में कुल 90 हजार वर्गमीटर जमीन को कब्जामुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ कॉलोनाइजरों ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी में उनकी एक नहीं चली। प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि मांट तहसील में यमुना एक्सप्रेसवे के आसपास जमीन की कीमत काफी बढ़ गई है। कब्जामुक्त कराई गई जमीन की बाजार कीमत करीब 27 करोड़ रुपये आंकी गई है। जमीन पर बोर्ड लगाकर लोगों को सूचित किया जाएगा कि यह यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण की अधिसूचित भूमि है। इस पर किसी भी प्रकार का निर्माण और खरीद-फरोख्त अवैध है। कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण के तहसीलदार मनीष सिंह, राजस्व निरीक्षक हरिशंकर और मांट की नायब तहसीलदार आंचल सिंगला मौजूद रहे।
