• Sun. Sep 20th, 2026

भक्तिरस में डूबा बरसाना, सात नदियों के जल से हुआ लाडली जी का अभिषेक, कटारा चौक पर भगदड़ मचने से तीन दर्जन से अधिक घायल

ByVijay Singhal

Sep 20, 2026
Spread the love

हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। ब्रह्मांचल पर्वत पर भोर बरसाना की हवाओं में राधा नाम घुल गया। लाडलीजी मंदिर में वेदमंत्रों की गूंज, घंटे-घड़ियाल का नाद और भक्तों के जयकारों के बीच मूल नक्षत्र की बेला में वृषभानु नंदिनी राधारानी का प्राकट्य हुआ। पंचामृत और विविध द्रव्यों से लाडली का जन्माभिषेक किया गया। राधे-राधे के जयघोष के बीच हजारों श्रद्धालुओं ने लाडलीजी के जन्मोत्सव के दिव्य दर्शन किए। राधारानी के प्राकट्य से पहले रात दो बजे से ही लाडली मंदिर में मंगल बधाइयों का गायन शुरू हो गया। दाई, मान, सवासनी, नाइन और नामकरण लीला से जुड़े पदों के गायन ने वातावरण को भक्तिरस से भर दिया। सुबह 3:50 बजे गर्भगृह में घंटे-घड़ियाल बज उठे। सेवायत भगवान दास गोस्वामी और जगदीश गोस्वामी आदि ने आचार्य सूसट महाराज व गगन शास्त्री के सानिध्य में वेदमंत्रों के साथ पंचामृत अभिषेक आरंभ किया। दूध, दही, शहद, गाय के घी, इत्र और बूरा के साथ 27 पेड़ों की पत्तियां, 27 स्थानों की रज सप्त अनाज, सात मेवा और सात फलों से वृषभानु नंदिनी का अभिषेक किया गया। महारानी को पीले रंग की फरुआनुमा पोशाक धारण कराई गई। हेलीकाप्टर से लाडली मंदिर पर पुष्प वर्षा की गई। सेवायतों ने युगल स्वरूप की आरती उतारी। करीब आठ बजे लाडलीजी ने शीश महल से भक्तों को दर्शन दिए। जन्मोत्सव की खुशी में नंदगांव से भी बधाई लेकर लोग बरसाना पहुंचे। शाम को लाडलीजी सफेद छतरी में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देने निकलीं। राधाष्टमी पर भगदड़, केलिकुंज में गिरी रैलिंग : राधाष्टमी पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से व्यवस्था चरमरा उठी। ग्रामीण एसपी सुरेश चंद्र राबत ने बताया, बरसाना में कटारा चौक पर बने बैरियर पर भगदड़ मचने से तीन दर्जन से अधिक श्रद्धालु चोटिल हो गए। वहीं, वृंदावन में संत प्रेमानंद के केलिकुंज आश्रम में भीड़ के धक्के से रैलिंग गिर गई। इसमें पांच लोग घायल हो गए। राधारानी के जन्मोत्सव का साक्षी बनने के लिए शुक्रवार की रात से ही बरसाना में भारी भीड़ उमड़ी। भीड़ के प्रबंधन को पुलिस प्रशासन ने जगह-जगह बैरियर लगाए थे।
बैरियरों पर 15 मिनट तक श्रद्धालुओं को रोकने के बाद छोड़ा जा रहा था। रात आठ बजे कटारा चौक पर जैसे ही पुलिसकर्मियों ने बैरियर खोला तो श्रद्धालु भागने लगे। भगदड़ में गिरकर तीन दर्जन श्रद्धालु चोटिल हो गए।

Vijay Singhal
Author: Vijay Singhal

50% LikesVS
50% Dislikes

Leave a Reply

Your email address will not be published.