हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा में आज भी कई नाविक बिना लाइफ जैकेट श्रद्धालुओं को नौका विहार करा रहे हैं। लेकिन, जिम्मेदार अधिकारी इस ओर बेपरवाह बने हुए हैं। शायद उन्हें, फिर हादसे का इंतजार है। शहरी क्षेत्र से यमुना नदी गुजर रही है। मंदिरों के दर्शन करने आने वाले अधिकांश श्रद्धालु मथुरा, वृंदावन, महावन, गोकुल में घाटों पर पहुंचकर यमुना में नौका विहार करते हैं। नाविकों के लिए नियमावली बनाई गई। नगर निगम में पंजीकरण की व्यवस्था शुरू की गई। सभी नाविकों को निर्देश दिए गए कि वे बिना लाइफ जैकेट के श्रद्धालुओं को नौका विहार नहीं कराएंगे। साथ ही क्षमता से अधिक श्रद्धालुओं को भी नहीं बैठाया जाएगा। प्रारंभिक दौर में तो पुलिस, प्रशासन एवं नगर निगम अधिकारियों ने इस व्यवस्था की निगरानी की। कुछ नाविकों ने नियमों का उल्लंघन किया तो कार्रवाई की गई। लेकिन, एक माह से अधिकारियों ने इस ओर निगरानी बंद कर दी। नतीजा कुछ नाविक मनमानी करने लगे हैं। प्रशासन द्वारा बनाई गई एसओपी का पालन नहीं कर रहे। मथुरा जोन में नाविकों द्वारा नौका विहार कराया जा रहा है। 100 रुपये प्रति श्रद्धालु लिए जा रहे हैं। लेकिन, कुछ नाविक नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। नौका विहार करने आने वाले श्रद्धालुओं को लाइफ जैकेट नहीं पहनाई जा रही हैं। लेकिन, पुलिस, प्रशासनिक एवं नगर निगम के अधिकारी इस ओर बेपरवाह बने हुए हैं। अगर ढिलाई इसी तरह रही तो फिर हादसे की पुनरावृत्ति हो सकती है।
