हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। मथुरा-वृंदावन महानगर कांग्रेस कमेटी ने मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। कहा है कि शहर में अनेक स्थानों पर नियमों को दरकिनार कर निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पंडित यतेन्द्र मुकद्दम ने कहा कि हाल ही में सामने आए कई प्रकरणों में ऐसी भूमि पर भी बहुमंजिला निर्माण कार्य किए गए हैं, जहां स्वामित्व विवाद, दीवानी वाद अथवा न्यायालयीन कार्यवाहियां लंबे समय से चल रही हैं। कई मामलों में न्यायालय के निर्णय भी मौजूद हैं, इसके बावजूद बिना विधिवत मानचित्र स्वीकृति और आवश्यक अनुमतियों के चार-चार मंजिला इमारतें खड़ी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों की शिकायतें लगातार एमवीडीए, जिला प्रशासन तथा अन्य सक्षम अधिकारियों को दी जाती रही हैं। कई मामलों को जिलाधिकारी के संज्ञान में भी लाया गया, जिस पर जिला प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों को पत्राचार किए जाने की जानकारी भी है। इसके बावजूद यदि निर्माण कार्य लगातार जारी हैं, तो यह स्वाभाविक रूप से विभागीय की कार्यप्रणाली और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है। यतेन्द्र मुकद्दम ने आरोप लगाया कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में तैनात अभियंत्रण अधिकारियों की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। महानगर कांग्रेस कमेटी ने मांग की है कि शहर में हुए सभी संदिग्ध एवं नियमविरुद्ध निर्माण कार्यों की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, एमवीडीए के संबंधित अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच हो तथा शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न होने के कारणों को सार्वजनिक किया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अवैध निर्माणों पर प्रभावी रोक नहीं लगाई गई, तो मथुरा-वृंदावन महानगर कांग्रेस कमेटी जनआंदोलन शुरू करेगी।
7455095736
