हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा के रिफाइनरी क्षेत्र स्थित ब्लिंकिट स्टोर के एक डिलीवरी ब्वाॅय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने के बाद परिजन व साथी कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया। परिजन शव को लेकर टाउनशिप स्थित स्टोर पर पहुंचे और प्रदर्शन किया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजन व अन्य लोगों को समझाया और शव को अंतिम संस्कार के लिए भेजा। जानकारी के अनुसार सदर बाजार थाना क्षेत्र के औरंगाबाद निवासी हरीशचंद्र निषाद (23) पुत्र राकेश कुमार निषाद पिछले ढाई माह से ब्लिंकिट कंपनी में डिलीवरी ब्वाॅय के रूप में कार्यरत थे। मंगलवार शाम करीब 7 बजे वह टाउनशिप क्षेत्र में एक पार्सल की डिलीवरी देने गए थे। इसी दौरान वह अपनी बाइक के पास अचेत अवस्था में पड़े मिले। सूचना मिलने पर परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। हरीश को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया है कि हरीश अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। परिजन और साथी कर्मचारियों का आरोप है कि घटना की सूचना दिए जाने के बावजूद कंपनी का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। 15 से 16 घंटे बीत जाने के बाद भी कंपनी की ओर से न तो परिवार से संपर्क किया गया और न ही किसी प्रकार की संवेदना व्यक्त की गई। पुलिस अधिकारियों ने परिजन और साथी कर्मचारियों को समझाया। इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए भेजा गया।
7455095736
