हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। उप मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने गलत मेडिकोलीगल रिपोर्ट बनाने पर जिला अस्पताल और राल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात तीन डाॅक्टरों को गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता का दोषी पाते हुए दंडित किया है। जिला चिकित्सालय में तैनात दो डाॅक्टरों पर मेडिकल रिपोर्ट के साथ खिलवाड़ करने के गंभीर आरोप सिद्ध हुए हैं। मामला स्थानीय झगड़े और मारपीट से जुड़ा है। जिसमें इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डाॅ. देवेंद्र कुमार और सर्जन डाॅ. विकास मिश्रा द्वारा दो व्यक्तियों का चिकित्सकीय परीक्षण किया गया था। जांच में पाया गया कि इन दोनों डाॅक्टरों ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए गलत मेडिकोलीगल रिपोर्ट तैयार की। प्रक्रिया में घोर लापरवाही बरती। उपमुख्यमंत्री ने इसे कर्तव्य के प्रति बड़ी चूक और न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने वाली लापरवाही माना है। अपर मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) ने डाॅ. देवेंद्र कुमार और डाॅ. विकास मिश्रा के विरुद्ध विभागीय अनुशासनिक कार्रवाई शुरू करने के आदेश जारी कर दिए हैं। राल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात चिकित्साधिकारी डाॅ. राकेश सिंह पर भी कार्रवाई हुई है। डाॅ. सिंह को चिकित्सकीय कार्यों एवं अपने सरकारी दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने का दोषी पाया गया। डाॅ. राकेश सिंह को परिनिंदा का दंड प्रदान किया है।
