हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में भीड़ नियंत्रण के दावे इस समय भी सफल नहीं हो पा रहे। मंदिर प्रांगण में रेलिंग लगा दी गई हैं। रेलिंग से गुजर रहे श्रद्धालुओं को दर्शन तो राहत भरे मिल रहे हैं। लेकिन, रेलिंग में कम श्रद्धालुओं की एंट्री के कारण बाहर भीड़ का दबाव बन रहा है।ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में सोमवार को भक्तों की भीड़ सामान्य थी। लेकिन, रेलिंग में पहुंचे श्रद्धालुओं को भोग व माला अर्पित करना था तो उनका ठहराव रेलिंग में हो रहा था और पीछे से श्रद्धालुओं की भीड़ का दबाव बन रहा था। मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं को राहत देने के लिए गेट संख्या पांच जो कि श्रद्धालुओं की एंट्री के लिए बंद रहता है, उसे खोल दिया। तो भक्तों की भीड़ मंदिर के अंदर पहुंचने के लिए एक दूसरे को धकियाते हुए दौड़ पड़ी और भीड़ के बीच फंसे बुजुर्ग, महिलाएं व बच्चों की चीख निकलती रही। महिलाएं चीखती रहीं।लेकिन, कोई सुनने वाला नहीं था। हालात ये कि हर कोई पहले दर्शन करने के लिए एक दूसरे काे धक्का देकर आगे बढ़ रहा था। इसी बीच एक बुजुर्ग श्रद्धालु की पत्नी का साथ छूट गया। जो दो घंटे तक मंदिर के बाहर अपनी पत्नी को खाेजने के लिए खड़ा रहा। मंदिर उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति के सदस्य दिनेश गोस्वामी ने कहा मंदिर में भीड़ का दबाव कम करने के लिए गेट संख्या पांच को खोला गया था। लेकिन, श्रद्धालुओं ने जल्दी बाजी के कारण अव्यवस्था फैला दी।
