• Sun. Feb 15th, 2026

मथुरा पुलिस ने 11 लाख ठगे साइबर आरोपियों ठगों के 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार

ByVijay Singhal

Jan 28, 2023
Spread the love

 

हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल

मथुरा शहर कोतवाली पुलिस ने 5 शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। मुर्गा फाटक के समीप से गिरफ्तार हुए इस अंतरराज्यीय गैंग ने करीब 11 लाख रुपए से ज्यादा की व्यापारी के साथ ठगी की थी। शहर कोतवाली पुलिस,सर्विलांस और साइबर पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से कार्यवाही करते हुए गैंग के सरगना सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मथुरा शहर कोतवाली पुलिस को 19 नवंबर 2022 को थाना गोविंद नगर क्षेत्र के रहने वाले व्यापारी आशीष कुमार ने पुलिस से शिकायत की कि उसके साथ लोन चुकता करने के नाम पर 10 लाख 93 हजार 565 रुपए की ठगी हुई है। आशीष ने पुलिस को शिकायत करते हुए कहा कि उसने अहमदाबाद की लैंडिंग कार्ट फाइनेंस लिमिटेड से 24 जनवरी को 15 लाख 48 हजार रुपए का लोन लिया था। जिसकी वह मासिक किस्त भी अदा कर रहा था।

9 किस्त अदा करने के बाद 16 नवंबर को आशीष पर एक युवती का फोन आया जिसने अपने को फाइनेंस कंपनी का एम्प्लॉय बताते हुए लोन पर ऑफर देने की बात कही। युवती ने आशीष से कहा कि अगर वह एक मुश्त लोन की बची हुई रकम जमा कर देते हैं तो 14 प्रतिशत ब्याज की जगह 8 प्रतिशत ब्याज देनी होगी और कुल रकम पर 85 हजार रुपए की छूट भी मिलेगी। ऑफर को सुन आशीष ने लोन चुकाने का मन बनाया और रकम बताए गए खाते में जमा कर दी।

लोन की रकम जमा करने के बाद आशीष ने एनओसी के लिए आए तीनों फोन पर कॉल की तो वह स्विच ऑफ मिले। इसके बाद आशीष ने अपने खाते से जानकारी की तो पता चला कि जो रकम फाइनेंस कंपनी के खाते में भेजी थी वह फाइनेंस कंपनी का खाता नहीं बल्कि किसी मनोज के नाम पर खाता था। अपने साथ हुई ठगी की जानकारी आशीष ने पुलिस को दी। पुलिस ने व्यापारी की शिकायत पर आई टी एक्ट की धारा 66 डी में मुकद्दमा दर्ज कर लिया।

व्यापारी के साथ हुई साइबर ठगी के मामले को एसएसपी ने गंभीरता से लिया। एसएसपी ने इस वारदात के खुलासे के लिए एसपी सिटी के नेतृत्व में पुलिस की 3 टीम बनाई। शहर कोतवाली,सर्विलांस और साइबर सेल पुलिस ने इस मामले में जांच आगे बढ़ाई और आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई। इसके बाद मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। मुखबिर में शुक्रवार को कोतवाली प्रभारी संजय पांडे को सूचना दी कि व्यापारी के साथ हुई ठगी के आरोपी मुर्गा फाटक के समीप मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस मामले में विशाल त्यागी उर्फ लक्की निवासी मोहम्मदपुर कदीम थाना मोदी नगर गाजियाबाद, प्रिंस हिंदुजा पुत्र घनश्याम हिंदुजा निवासी बी 33 शीशराम पार्क उत्तम नगर दिल्ली, कृष्ण कुमार उर्फ कृष्णा पुत्र सत्यवीर सिंह जाटव निवासी गुमानी गढ़ी थाना सादाबाद हाथरस,अजीत सिंह उर्फ शर्मा उर्फ पंडित पुत्र उदय सिंह कुशवाहा निवासी बड़ा गांव थाना ढोलना कासगंज के अलावा एक महिला को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके पास से ठगी किए गए 6 लाख 65 हजार रुपए बरामद किए। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए शातिर अंतरराज्यीय साइबर ठगों से 6 लाख 65 हजार रुपए नगदी के अलावा 6 पास बुक,2 चैक बुक और 16 एटीएम कार्ड बरामद किए। इसके साथ ही पुलिस 6 मोबाइल फोन भी बरामद किए। गिरफ्तार करने वालों में कोतवाली प्रभारी संजय पांडे,निरीक्षक अमित कुमार बेनीवाल,सर्विलांस सेल प्रभारी विकास शर्मा,साइबर सेल प्रभारी प्रवीन कुमार मिश्रा, हैड कॉन्स्टेबल विश्वेंद्र कुमार,कुलदीप कुमार, विशाल कुमार,गोपाल सिंह,कॉन्स्टेबल अनूप कुमार,सुमित के अलावा महिला कॉन्स्टेबल रोशनी शामिल रहे।
7455095736

Vijay Singhal
Author: Vijay Singhal

50% LikesVS
50% Dislikes

Leave a Reply

Your email address will not be published.