हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज़ चीफ विजय सिंघल
मथुरा। कान्हा की नगरी में होली की खुमारी छाने लगी है। इसी क्रम में कस्बा नौहझील की प्रसिद्ध लठामार होली आगामी 28 फरवरी को हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी। ‘नौहझील की लठामार होली आयोजन समिति’ की बैठक रेतिया बाजार में आयोजित हुई, जिसमें कार्यक्रम की भव्यता और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। समिति के अध्यक्ष विनोद शर्मा ने बताया कि 28 फरवरी को सुबह 10 बजे से बाजना रोड स्थित ठाकुर राधा श्याम सुंदर मंदिर से भगवान का डोला गाजे-बाजे के साथ रवाना होगा। बैंड-बाजे, डीजे और ढोल-नगाड़ों की थाप पर हुरियारे और हुरियारिनें लठामार होली खेलते हुए नगर भ्रमण करेंगे। इस दौरान कस्बे को आकर्षक रूप से सजाया जाएगा और जगह-जगह ‘बंब’ के नगाड़े गूंजेंगे।होली की सबसे बड़ी विशेषता इसका ‘पुष्प होली’ होना है। जहाँ ब्रज में अन्य स्थानों पर रंगों का प्रयोग होता है, वहीं नौहझील में सैकड़ों कुंतल गुलाब के फूलों की पत्तियों से होली खेली जाती है। रंग-गुलाल केवल ठाकुर जी के समक्ष अर्पित किया जाता है, जिससे श्रद्धालु नए कपड़े पहनकर भी इस उत्सव का आनंद ले पाते हैं। मेला अध्यक्ष जवाहर कटारा ने कहा कि कार्यक्रम को दिव्य बनाने के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। आयोजन स्थल रामलीला मैदान में पुष्प वर्षा के बीच मुख्य लठामार होली का आयोजन होगा।बैठक की अध्यक्षता छीतरमल पाठक एवं संचालन अनिल शर्मा ने किया।समिति के अन्य पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
