हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। एसएसएफ (विशेष सुरक्षा बल) प्रदेश में 12 एयरपोर्ट, चार मेट्रो स्टेशन, पांच कचहरी, दो आरबीआई के साथ अयोध्या में तैनात है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि और बांकेबिहारी मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए एसएसएफ पूरी तरह से तैयार है, बस शासन से आदेश आने का इंतजार है। यह कहते हुए एसएसएफ के एडीजी डीके ठाकुर ने बुधवार को कचहरी परिसर का निरीक्षण किया। साथ ही बैठक करके सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी के साथ जवानों से फीडबैक लिया। विशेष सुरक्षा बल के एडीजी डीके ठाकुर कमांडेंट आइपीएस राम सुरेश यादव के साथ बुधवार शाम साढ़े चार बजे कचहरी पहुंचे। यहां जवानों ने उनको सलामी दी। इसके बाद उन्होंने जवानों के साथ बैठक करके सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। साथ ही उनकी समस्याएं पूछी। एडीजी डीके ठाकुर ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश हैं कि प्रदेश के सभी न्यायालय, धार्मिक स्थल, एयरपोर्ट आदि की सुरक्षा व्यवस्था विशेष सुरक्षा बल से कराई जाए। इसको लेकर सभी स्थानों पर एसएसएफ तैनात की जा रही है। विशेष सुरक्षा बल 4वीं बटालियन मथुरा के भवन की डीपीआर कपूर एंड संस से तैयार कराई जा रही है। बजट स्वीकृत होते ही भवन निर्माण का कार्य शुरू करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विशेष सुरक्षा बल प्रदेश में 12 एयरपोर्ट, चार मेट्रो स्टेशन, पांच कचहरी, दो आरबीआई के साथ अयोध्या में तैनात है। मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि और श्रीबांकेबिहारी मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए भी एसएसएफ तैयार है। शासन की ओर से आदेश मिलने के बाद जवानों की तैनाती कर दी जाएगी। कमांडेंट आईपीएस राम सुरेश यादव ने बताया कि प्रदेश में एसएसएफ की लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर, अयोध्या, सहारनपुर और मथुरा वाहिनी संचालित हो रही हैं। मथुरा की 4वीं बटालियन विशेष सुरक्षा बल आगरा, अलीगढ़, मथुरा में न्यायालय, आगरा में मेट्रो और अलीगढ़, मुरादाबाद व बरेली एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही है। एसएसएफ के जवान आधुनिक हथियारों से लैस हैं।
7455095736
Author: vijay.singhal1233
50% LikesVS
50% Dislikes
