हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। यूपी में नकली नोट छापने वाले गैंग का बड़ा खुलासा हुआ है। मथुरा GRP ने वाराणसी से रौनक उर्फ मुकेश उर्फ टीपू को गिरफ्तार किया है। रौनक नकली नोट छापने का एक्सपर्ट है। वह इस तरह से नोट छापता है कि उसे पहचान पाना तक मुश्किल है। नोट के बीच में इस्तेमाल होने वाले हरे कलर के धागे यानी सिक्योरिटी थ्रेड को वह चीन से मंगाता है। तेलंगाना और पंजाब से उसने मशीनें मंगाई। वाराणसी में नोट की छपाई का काम शुरू किया। नोट छापने के बाद उसे 6 राज्यों में सप्लाई किया जाता है। इस गैंग का खुलासा होने के बाद सिक्योरिटी एजेंसीज चौंक गई हैं। NIA, IB के अलावा यूपी ATS ने भी जांच शुरू कर दी है। क्योंकि, चीन का नाम भी इसमें आया है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां यह भी पता कर रही है कि कहीं भारत की अर्थव्यवस्था को खोखला करने की साजिश तो नहीं? वहीं GRP ने इस मामले में SIT बनाई है, जो हर पहलू की जांच करेगी। मथुरा जंक्शन पर GRP ने 9 दिसंबर को राजस्थान के सवाई माधोपुर निवासी कलीमुल्ला काजी, कोटा निवासी तकीम और बिहार निवासी धर्मेंद्र को गिरफ्तार किया है। इनके पास से डेढ़ लाख रुपए के नकली नोट मिले। GRP ने जब इनसे पूछताछ की तो पता चला कि यह सिर्फ मोहरे हैं। इनका काम नोटों की सप्लाई करना होता है। मास्टरमाइंड वाराणसी का रहने वाला रौनक है। उसने वहीं पर प्रिंटिंग प्रेस लगा रखी है और नकली नोट छापता है।
