• Thu. Feb 12th, 2026

मथुरा में 70 लाख की लूट में महिला की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सिर की सभी हड्डियां टूटी मिलीं

ByVijay Singhal

Nov 6, 2023
Spread the love
हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा में कंठीमाला कारोबारी और उनकी पत्नी पर हत्या के इरादे से हमला किया गया। हमला उस समय हुआ जब वो गहरी नींद में सो रहे थे। हमले में पत्नी की मौत हो गई। जबकि पति की हालत नाजुक है। हमला करने के बाद बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मामले की जांच कर रही है। घटना हाईवे थाना क्षेत्र की गुरुकृपा विलास कॉलोनी की है। दंपती पर हमला से मृतका कल्पना की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आ गई है। रिपोर्ट में रात करीब तीन बजे मौत होने का अनुमान लगाया गया है। उनके सिर की सभी हड्डियां टूटी पाई गईं। इधर, कारोबारी पति अभी भी अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। 24 घंटे बीतने के बाद भी पुलिस ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। परिजन के अनुसार घर से करीब 50 लाख रुपये की नकदी और 20 लाख रुपये के जेवरात गायब हैं। जांच में पुलिस के हाथ कई महत्वपूर्ण सुराग लगे हैं। इनमें कॉलोनी में लगे सीसीटीवी के फुटेज सबसे खास हैं। कारोबारी के पुत्र गोविंद व बहू के भाई भाजपा नेता श्याम सिंघल ने बताया कि वृंदावन स्थित कृष्णा मुकुट वाला फर्म से कृष्ण कुमार अग्रवाल शनिवार शाम इनोवा क्रिस्टा कार से घर आए। इस दौरान चालक कार को लेकर आया। कार घर के बाहर खड़ी करके रात को नौ बजे करीब अपने घर को चला गया। इसके बाद वह रात को 2.30 बजे फिर से कॉलोनी में आया। घर के पास पहुंचने पर उसने कार का लॉक खोला। इसके बाद कार की डिग्गी में से नकाबपोश एक व्यक्ति उतरता है। चालक के साथ घर के अंदर घुसता है। घर के मुख्य द्वारा पर ताला नहीं लगा था। सिर्फ अंदर घुसने के बड़े गेट का ताला लगा था। इसके चलते दोनों गेस्ट रूम के उस दरवाजे की ओर जाते हैं, जो सीधे बाहर की ओर खुलता है। इसके बाद रविवार सुबह छह बजे कार को नकाबपोश बदमाश लेकर जाता है। चालक उसके पीछे से अलग जाता है। इसके बाद नौ बजे चालक फिर से घर पहुंचा। घर में कृष्ण कुमार और उनकी पत्नी कल्पना अग्रवाल के लहूलुहान हालत में पड़े होने की जानकारी गोविंद को फोन पर दी। गोविंद और श्याम सिंघल ने बताया कि बदमाश को कार में छिपाकर चालक ही लेकर आया था। उसने घर में गेस्ट रूम के रास्ते प्रवेश पाने के लिए एक दिन पहले ही उक्त गेट को अंदर से खोल दिया था। पुलिस कार ले जाने वाले बदमाश की तलाश में लगी है। पुलिस ने कार के मूवमेंट, टोल पार करने आदि की जानकारी जुटाई। इसमें सामने आया कि वारदात के बाद बदमाश कार को लेकर पहले फरह टोल पर पहुंचा। वहां उसने टोल को पार नहीं किया। दो बार चक्कर काटने के बाद वह भरतपुर मार्ग होते हुए कार लेकर राजस्थान की ओर चला गया। पुलिस की एक टीम टीम कार की खोजबीन में राजस्थान में रविवार को दिनभर भटकती रही। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में कल्पना अग्रवाल की मौत का कारण सिर की हड्डी किसी रॉड जैसी भारी वस्तु के प्रहार से टूटने और रक्तस्राव होने से सामने आया है। कल्पना के शरीर पर कोई अन्य चोट या बदमाशों से संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। इससे साफ अंदाजा लगाया गया है कि सोते वक्त दंपती पर हमला किया गया था। श्याम सिंघल ने बताया कि उनकी बहन की सास के गले से सोने की जंजीर, कानों से कुंडल, हाथों से कंगन, ससुर के हाथों से कड़े, अंगूठियों को भी बदमाश लूट ले गए।
7455095736
Vijay Singhal
Author: Vijay Singhal

50% LikesVS
50% Dislikes

Leave a Reply

Your email address will not be published.