हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ़ विजय सिंघल
मथुरा। कान्हा की नगरी ब्रज में कार्तिक मास की शुरुआत के साथ ही भक्ति, साधना और आस्था का अनूठा संगम नजर आने लगा है। देश-विदेश से आए करीब दो लाख श्रद्धालु 29 दिनों तक ब्रज रज में वास कर पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे। इस पूरे मास सभी मंदिरों में विशेष मंगला आरती का आयोजन होगा। परिक्रमा पथ पर राधे-राधे के जयकारे, भजन-कीर्तन और यमुना तट पर दीपदान की छटा पूरे ब्रजमंडल को आध्यात्मिक रंग में रंग देगी। ब्रज में कार्तिक मास का विशेष महत्व माना गया है। बृहस्पतिवार से शुरू हुए इस मास की नियम सेवा के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं की दिनचर्या ब्रह्ममुहूर्त में सुबह चार बजे से शुरू होगी। श्रद्धालु स्नान के बाद मंदिरों में मंगला आरती में शामिल होकर अपने आराध्य के दर्शन करेंगे। इसके बाद मंदिरों की परिक्रमा, नाम-जप, पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन में समय बिताएंगे। कई श्रद्धालु गोवर्धन की सप्तकोसीय परिक्रमा कर भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट करेंगे। वृंदावन, राधाकुंड और गोवर्धन में कार्तिक मास के दौरान विशेष धार्मिक गतिविधियां देखने को मिलेंगी। राधाकुंड और श्यामकुंड के घाटों से लेकर यमुना तट तक शाम होते ही दीपदान की तैयारियां शुरू हो गई हैं। हजारों दीपों की रोशनी जल में प्रतिबिंबित होकर भक्तिमय वातावरण को और आकर्षक बनाएगी।
7455095736
मथुरा में 29 दिन के लिए ब्रज की रज में रमेंगे देश विदेश से आए श्रद्धालु
