मथुरा। हरियाणा के नूंह में हुई हिंसा के विरोध में विश्व हिंदू परिषद ने मथुरा में डीएम,एसएसपी को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन दिया। साधु संतों के साथ मिलकर विहिप नेताओं ने प्रदर्शन किया और खट्टर सरकार से मांग की कि मृतकों के परिवार को एक एक करोड़ रूपये दिए जाएं। ज्ञापन के माध्यम से 3 मांग की गई हैं।विश्व हिंदू परिषद मथुरा देहात के जिलाध्यक्ष विनोद राघव,बजरंग दल के संयोजक राजू राजपूत के नेतृत्व में पदाधिकारी साधु संतों के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंचे। यहां साधु संतों और विहिप व को बजरंग दल के पदाधिकारियों ने नारेबाजी की और प्रदर्शन किया। इसके बाद सभी एसएसपी से मिले। एसएसपी शैलेश पांडे को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपने गए पदाधिकारियों ने मांग की कि दंगाइयों पर कठोर कार्यवाही की जाए। ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति से मांग की गई कि मेवात क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाकर दंगाइयों का संवैधानिक तरीके से समूल नष्ट किया जाए। इसके साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो। विश्व हिंदू परिषद मथुरा महानगर, बजरंग दल एवं विभिन्न हिंदू संगठनों द्वारा राष्ट्रपति को विगत दिनों हुई हरियाणा के नूह जिले के विषय पर
जिलाधिकारी मथुरा के माध्यम से ज्ञापन दिया गया। विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष महानगर अमित जैन ने कहा कि समुदाय विशेष के लोगों द्वारा हिंदू शोभायात्रा पर किया गया हमला निंदनीय हैं। पूरा देश इस घटना से नाराज है, केंद्र और राज्य सरकार को नूंह और मेवात इलाकों में व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान चलाकर घटना के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। श्रावण मास में प्रतिवर्ष किसी भी सोमवार को मेवात के अंदर भगवान शंकर का आशीर्वाद लेने के लिए महाभारत कालीन पांच मंदिरों में श्रद्धालु जाते हैं। लगभग 20 -25 हजार लोग पहुंचे हुए थे। विहिप देहात जिलाध्यक्ष विनोद राघव ने कहा कि यात्रा शुरू हुए 15 मिनट भी नहीं हुए कि उन पर उपद्रवियों ने गोलियां और पत्थर बरसाने तथा आगजनी शुरू कर दी। श्रद्धालुओं ने जब देखा कि परिस्थिति नियंत्रण से बाहर जा रही है, तो पीछे हटने का प्रयास किया लेकिन पीछे से भी पत्थर और पेट्रोल बरस रहे थे। कारों, बसों और अन्य वाहनों को आग लगाई जा रही थी। दो लोगों को गोलियां लगीं। हिंदूवादी नेता गोपेश्वर चतुर्वेदी ने बताया कि यह बहुत गंभीर विश्लेषण का अवसर है कि नूह में डायरेक्ट एक्शन की तरह का वातावरण बना था। यह दुष्कृ किसी हालत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। विजय बहादुर सिंह ने कहा कि हिंदू धार्मिक यात्रा पर हुए इस क्रूर जेहादी आतंकी हमले के कारण बजरंग दल के दो कार्यकर्ताओं की निर्मम हत्या हुई है। समाज के दो अन्य व्यक्ति भी बलिदान हुए हैं। वलिदानियों की संख्या बढ़ भी सकती है। इस घटना से संगठन तथा हिन्दू समाज आक्रोशित है। राष्ट्रपति के नाम संगठन द्वारा दिए गए ज्ञापन की प्रमुख मांगे हैं कि नूह सहित संपूर्ण मेवात क्षेत्र को सील करके प्रत्येक इस्लामिक जेहादी दंगाई को सर्च करके संवैधानिक रूप से समूल नष्ट किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि इस प्रकार की घटना भविष्य में कभी नहीं होगी। इस प्रकार की धार्मिक, आध्यात्मिक, सामाजिक यात्राओं के लिए समुचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।विहिप कार्यकर्ताओं ने मांग की कि मृतकों के परिवारों को एक एक करोड़ रुपया दिया जाए तथा घायलों को 20-20 लाख रुपए दिये जायें। जिनकी गाड़ियां, बस या अन्य नष्ट संपत्ति की क्षति पूर्ति की जाए l ज्ञापन देने वालों में अभिनव सक्सेना, मुरारी लाल अग्रवाल, मुकेश शुक्ला, डॉक्टर संतोष राजोरिया, ललित अग्रवाल, विपिन गुप्त, विक्की इलाहाबादी, मोहित नौबहार, कांता नाथ चतुर्वेदी, अभिषेक चौहान, संजीव सारस्वत, गौरव, सौरभ, ऋषि गौड़ आदि मौजूद रहे।