• Sun. Jul 5th, 2026

रेलवे प्रोजेक्ट ने बांटे मथुरा- वृंदावन के निवासी,व्यापारी बोले- एलिवेटेड बने रेल लाइन,

ByVijay Singhal

Sep 1, 2023
Spread the love
हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा वृंदावन रेल ट्रैक के गेज परिवर्तन पर ग्रहण लगता दिख रहा है। मीटर गेज से ब्रॉड गेज में बदले जा रहे इस ट्रैक को लेकर मथुरा वृंदावन के लोग अलग अलग राय रख रहे हैं। मथुरा के निवासियों का कहना है कि इस ट्रैक को एलिवेटेड बनाया जाय,जबकि वृंदावन के लोग इसे जल्द से जल्द पूरा कर यहां से प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए ट्रेन चलाने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल मथुरा के लोगों द्वारा किए जा रहे इस विरोध के चलते सांसद हेमा मालिनी ने रेल मंत्री से मुलाकात कर मौखिक रूप से काम रुकवा दिया है। मथुरा वृंदावन के बीच इस रेलवे ट्रैक की लंबाई 12 किलोमीटर है। मथुरा जंकशन रेलवे स्टेशन से इस ट्रैक को करीब सन 1880 में डाला गया था। यहां मीटर गेज ट्रैक था। जिसे अब ब्रॉड गेज में परिवर्तित किया जा रहा है। मथुरा वृंदावन के बीच गेज परिवर्तन और स्टेशन निर्माण के लिए 403 करोड़ रूपए का प्रोजेक्ट बनाया गया जिसे रेलवे ने अनुमति दे दी। इस प्रोजेक्ट के तहत मथुरा से वृंदावन के बीच गेज परिवर्तन,इलेक्ट्रिक लाइन और वृंदावन स्टेशन का पुनर्निर्माण किया जाना है। इस प्रोजेक्ट के तहत अप्रैल 2023 में काम शुरू कर दिया गया। मथुरा वृंदावन के बीच मीटर गेज ट्रैक को हटा दिया गया। यहां ब्रॉड गेज लाइन डालने से पहले जमीन का समतलीकरण किया गया और अब मिट्टी डाली जा रही है। जिससे इस पर ब्रॉड गेज ट्रैक डाला जा सके। रेलवे विभाग के इंजीनियर दिन रात इस ट्रैक पर काम करके इसे मार्च 2025 से पहले पूरा करने में जुटे थे। रेलवे ट्रैक डाले जाने के काम में बाधा बन रही नई बस्ती का अतिक्रमण रेलवे ने हटाया। यहां करीब 150 मकान अवैध अतिक्रमण कर बनाए गए थे। जिसमें से करीब 135 मकान रेलवे ने ध्वस्त कर दिए। इसी बीच बस्ती के निवासी सुप्रीम कोर्ट पहुंचे जिस पर सुप्रीम कोर्ट ने दस दिन की रोक लगा दी। हालांकि 10 दिन बाद सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में हस्तक्षेप करने से मना कर दिया। जिसके बाद रेलवे का अवैध अतिक्रमण हटाने का रास्ता साफ हो गया। मथुरा वृंदावन रेल ट्रैक पर 7 अंडर पास बनाए जायेंगे। जिसकी वजह से मथुरा के व्यापारी इसका विरोध कर रहे हैं। मथुरा के व्यापारियों का कहना है कि पहले ही उत्तर मध्य रेलवे के शहर में मौजूद 2 और पूर्व उत्तर रेलवे का 1 अंडर पास के कारण जल भराव की समस्या से पूरे शहर को जूझना पड़ता है। अब 7 और बन गए तो शहर नर्क हो जायेगा। मथुरा के व्यापारी शशि भानु गर्ग ने बताया कि मथुरा वृंदावन के बीच डाले जा रहे इस ट्रैक को एलिवेटेड बनाया जाए। जिससे शहर को जलभराव से निजात मिलेगी। होटल व्यवसाई अमित जैन ने बताया कि इस रेल ट्रैक को एलिवेटेड बनाया जाए जिसमें ऊपर रेल ट्रैक और नीचे सड़क बनाई जाए। जिससे वृंदावन में लगने वाले जाम से भी निजात मिलेगी। मथुरा के निवासियों द्वारा किए जा रहे विरोध के बाद सांसद हेमा मालिनी ने रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से मुलाकात की। मुलाकात के बाद रेल मंत्री ने अधिकारियों को मौखिक रूप से काम रोकने के लिए कहा। अधिकारियों से कहा कि स्थानीय निवासियों के साथ बैठकर इसकी रूपरेखा बनाई जाए कि वह क्या चाहते हैं। मथुरा वृंदावन का रेल ट्रैक का चल रहा काम अचानक रुका तो वृंदावन के तीर्थ पुरोहित आक्रोशित हो गए। सोशल मीडिया पर ब्रजवासी पंडा सभा से जुड़े लोग मथुरा के लोगों पर वृंदावन के विकास में रोड़ा अटकाने का आरोप लगाने लगे। तीर्थ पुरोहितों का कहना है कि रेल ट्रैक डाले जाने का काम जल्द से जल्द पूरा हो और धर्म नगरी को अन्य धार्मिक स्थलों से ट्रेन के जरिए जोड़ा जाए। रेल ट्रैक को लेकर पक्ष और विपक्ष में जुटे मथुरा वृंदावन के लोगों के साथ रेलवे के अधिकारियों ने एक बैठक बुलाई है। शुक्रवार को मथुरा कलेक्ट्रेट के सभागार में होने वाली इस बैठक में रेलवे के अधिकारी दोनों शहर के लोगों के साथ बैठकर बीच का रास्ता निकालने का प्रयास करेंगे।
7455095736
Vijay Singhal
Author: Vijay Singhal

50% LikesVS
50% Dislikes

Leave a Reply

Your email address will not be published.