हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। जमुनापार थाना क्षेत्र स्थित गांव डेहरूआ में शनिवार रात को एक मकान में विस्फोट हो गया। मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी कि उसके घर पर किसी ने बम फेंका है। जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर दौड़ लिए। जांच में पता चला कि घर में रखी गंधक-पोटाश की पोटली फटने से धमाका हुआ। धमाके में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। एसपी सिटी डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि शनिवार की रात को रविंद्र कुमार ने पुलिस को जानकारी दी कि उनके घर पर किसी ने बम फेंका है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक अजय किशोर मौके पर पहुंच गए। साथ ही बम निरोधक दस्ता (बीडीएस), डॉग स्क्वाड, फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंच गई। इससे पहले मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। रात को तेज धमाके होने से आसपास के लोग भी भयभीत हो गए। घर के अंदर बारूद का कोई सबूत नहीं मिला। कड़ाई से पूछताछ करने पर गृह स्वामी ने बताया कि स्टोर में गंधक पोटाश रखा था। धमाके के बाद पुलिस उसके खिलाफ कोई कार्रवाई न करें इसलिए बम फेंकने की जानकारी दी। सीओ सदर संदीप कुमार सिंह ने बताया कि गृह स्वामी ने पहले गलत सूचना दी थी कि घर पर बम फेंका है। हालांकि बाद में उन्होंने लिखित में दिया कि घर के गंधक पोटाश रखा था। इसी के चलते धमाका हुआ।
