हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा के व्रन्दावन में हरियाली तीज का पर्व धूमधाम और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। बांके बिहारी मंदिर में भगवान बांके बिहारी 20 किलो सोना और 100 किलो चांदी से बने झूले में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन दे रहे हैं। वहीं, दक्षिण भारतीय शैली के रंगनाथ मंदिर में शाम को भगवान गोदा रंगमन्नार चांदी के झूले में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे। बांके बिहारी मंदिर में हरियाली तीज पर साल में एक बार झूला डाला जाता है। यहां भगवान बांके बिहारी गर्भगृह से निकलकर आंगन में डाले गए झूले में विराजमान होते हैं। भगवान बांके बिहारी पहली बार इस झूले में 15 अगस्त 1947 को विराजमान हुए थे। सावन माह के शुक्ल पक्ष तीज को हरियाली तीज मनाई जाती है। इस दिन ब्रज के मंदिरों में झूले में भगवान को विराजमान करने की परंपरा है। हरियाली तीज पर बांके बिहारी मंदिर को हरे कपड़े से सजाया गया है। इससे मंदिर हरियाली से भरा नजर आ रहा है। मान्यता है कि सावन में बारिश होने के कारण हर तरफ हरियाली होती है। द्वापर में भगवान कृष्ण ने हरियाली तीज के दिन राधा रानी के साथ झूले में विराजमान होकर झूले का आनंद लिया था। हरियाली तीज पर भगवान बांके बिहारी जी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। इसे देखते हुए समय में परिवर्तन किया गया है। बांके बिहारी के दर्शन सुबह के समय 7:45 बजे से दोपहर 2 बजे तक होंगे। वहीं शाम के समय 5 बजे से रात 11 बजे तक दर्शन होंगे।आम दिनों में मंदिर सुबह 7:45 बजे से 12 बजे तक और शाम को 5:30 बजे से रात 9:30 बजे तक भक्तों के लिए खुला रहता है। भक्तों की भीड़ को देखते हुए हरियाली तीज पर मंदिर 12 घंटे 15 मिनट खुलेगा। वहीं आम दिनों की बात करें तो मंदिर 8 घंटे 15 मिनट ही खुलता है। आज मंदिर 4 घंटे ज्यादा खुला रहेगा। उत्तर भारत के विशालतम रंगनाथ मंदिर में 13 दिवसीय झूला उत्सव शनिवार यानी आज से शुरू हो रहा है। यहां 250 किलो से ज्यादा चांदी से बने झूले में भगवान गोदा रंगनाथ विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे। मंदिर में स्थित गरुड़ स्तंभ के पास झूला मंडप में आकर्षक बेल, पत्तियां, अंगूरों, तोता की कलाकृति से बने झूले में विराजमान होकर भगवान रंगनाथ हरियाली तीज से 13 दिन तक शाम के समय भक्तों को दर्शन देते हैं। बांके बिहारी और रंगनाथ के अलावा ब्रज के बरसाना में स्थित प्रसिद्ध लाडली जी मंदिर में राधा रानी सोने के झूले में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगी। राधा रानी के झूला में विराजमान होकर दर्शन देते समय मंदिर के गोस्वामी, समाज के लोग गायन के जरिए झूला उत्सव मनाएंगे। वहीं पुष्टि मार्गीय संप्रदाय के द्वारिकाधीश मंदिर में भी हिंडोला उत्सव मनाया जाएगा। मथुरा आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के खास इंतजाम किए हैं। शहर के चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। भक्तों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं। शहर को तीन जोन, 18 सेक्टर में बांट कर अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी को जोन प्रभारी बनाया गया है।
7455095736
Author: Vijay Singhal
50% LikesVS
50% Dislikes
