हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने शुक्रवार को विद्युत निगम में बड़ी कार्रवाई करते हुए कृष्णा नगर विद्युत उपकेंद्र पर तैनात लिपिक (बाबू) सुरेश चंद को मीटर का विद्युत भार (लोड) कम करने के नाम पर 5 हजार रुपया रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। एक उपभोक्ता ने अपने बिजली कनेक्शन का लोड कम कराने के लिए कृष्णा नगर विद्युत उपकेंद्र में आवेदन किया था। आरोप है कि संबंधित कार्य करने के बदले बाबू सुरेश चंद ने निर्धारित प्रक्रिया के बजाय रिश्वत की मांग की। उपभोक्ता ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन संगठन से की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद टीम ने योजना तैयार की। शुक्रवार को एंटी करप्शन टीम सादे कपड़ों में कृष्णानगर विद्युत उपकेंद्र पहुंची। शिकायतकर्ता को रिश्वत की राशि लेकर भेजा गया। जैसे ही सुरेश चंद ने रुपये लिए, पहले से मौजूद टीम ने उसे मौके पर ही रंगेहाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। अचानक हुई इस कार्रवाई से कृष्णा नगर सब स्टेशन कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कार्यालय में मौजूद कर्मचारी कुछ समझ पाते, उससे पहले ही टीम आरोपी को अपने साथ लेकर रवाना हो गई। कर्मचारियों में दिनभर इस कार्रवाई की चर्चा होती रही। आरोपी सुरेश चंद की सेवानिवृत्ति में अभी करीब 11 माह का समय शेष है। एंटी करप्शन टीम उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है। संभावना है कि शनिवार को आरोपी को सक्षम न्यायालय में पेश किया जाएगा।
7455095736
Author: Vijay Singhal
50% LikesVS
50% Dislikes
